1 जुलाई से श्रीनगर हवाई अड्डा हर सोमवार-मंगलवार बंद, बदल गया उड़ानों का समय
अगर आप कश्मीर जाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। 1 जुलाई से 30 सितंबर तक श्रीनगर हवाई अड्डा हर सोमवार और मंगलवार को यात्री उड़ानों के लिए बंद रहेगा। दरअसल, एयरपोर्ट के रनवे की बड़ी मरम्मत और अपग्रेड का काम होना है, जिसके चलते यह शेड्यूल तय किया गया है।
श्रीनगर की रोजाना उड़ानें घटकर 40 से भी कम हुईं
दरअसल, रनवे पर 15 साल बाद ऐसा बड़ा काम हो रहा है। इससे पहले आखिरी बार यह काम 2011 में हुआ था। पहले यह काम सप्ताहांत (शनिवार-रविवार) के लिए तय किया गया था, लेकिन बाद में इसे सप्ताह के दिनों (सोमवार से शुक्रवार) में बदल दिया गया। इस मरम्मत के चलते अब उड़ानें सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे के बीच ही चलेंगी। इसका मतलब है कि यात्रियों को अब सुबह जल्दी या देर रात की कोई फ्लाइट नहीं मिल पाएगी। इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर कश्मीर के व्यस्त पर्यटन सीजन पर पड़ेगा। पहले जहां रोजाना लगभग 100 उड़ानें होती थीं, वहीं अब इनकी संख्या घटकर 40 से भी कम रह गई है। ऐसे में, अगर आप कश्मीर जाने की सोच रहे हैं, तो यह आपके लिए एक बड़ा परिवर्तन होगा।