पाकिस्तानी प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख की जहरीली बयानबाजी, PoK में उठाया 'आजादी' का मुद्दा
क्या है खबर?
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख असिम मुनीर ने हाल ही में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने विवादास्पद बयानबाजी की है, जिसने क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। PoK में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शहबाज ने घोषणा की कि कश्मीर पाकिस्तान का हिस्सा बनेगा। वहीं, मुनीर ने भी इसी तरह के दावों को दोहराया, जिसने तनाव बढ़ा दिया है।
शहबाज का बयान
क्या बोले प्रधानमंत्री शहबाज?
PTI के अनुसार, मुजफ्फरबाद में PoK विधानसभा में शहबाज ने कथित 'कश्मीर एकजुटता दिवस' के मौके पर कहा, "जम्मू-कश्मीर विवाद का समाधान कश्मीर के लोगों की इच्छाओं का सम्मान करना और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के प्रस्तावों को लागू करना है। दक्षिण एशिया में स्थायी शांति तब तक संभव नहीं है, जब तक भारत अपनी आक्रामक, विस्तारवादी मंसूबों और कुटिल साजिशों को नहीं छोड़ देता।" उन्होंने कश्मीर के लोगों के प्रति 'अटूट समर्थन' व्यक्त किया।
आरोप
शहबाज ने भारत पर ये आरोप भी लगाए
भारत के साथ चले संघर्ष को याद करते हुए शरीफ ने दावा किया कि कश्मीर मुद्दा कूटनीतिक रूप से पूरी ताकत से फिर भड़क उठा है। उन्होंने कहा, "भारत अब परोक्ष संगठनों के माध्यम से आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है। हम शांति चाहते हैं, लेकिन यह शांति समानता और न्याय के आधार पर ही स्थापित की जा सकती है। पाकिस्तान कश्मीरियों को तब तक समर्थन देना जारी रखेगा जब तक उन्हें आत्मनिर्णय का अधिकार नहीं मिल जाता।"
असीम का बयान
मुनीर बोले- कश्मीर जल्द आजाद होगा
न्यूज18 के मुताबिक, मुनीर ने कश्मीर की मुक्ति की कसम खाकर सार्वजनिक रूप से जिहाद को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा, "कश्मीर यहां के लोगों की इच्छा और नियति के अनुसार जल्द ही स्वतंत्रता के सूर्योदय का साक्षी बनेगा। पाकिस्तान कश्मीर मुद्दे को सभी प्रासंगिक अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तब तक उठाता रहेगा, जब तक कि UNSC प्रस्तावों के अनुसार विवाद का न्यायसंगत समाधान नहीं हो जाता।" उन्होंने इलाके में तैनात अधिकारियों और सैनिकों की तारीफ भी की।
PoK
पाकिस्तानी नेतृत्व के बढ़ रहे हैं PoK दौरे
मुनीर PoK में एक अग्रिम चौकी पर पहुंचे, जहां उन्होंने अग्रिम मोर्चे पर तैनात सैनिकों से बातचीत की। उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ PoK की राजधानी मुजफ्फरबाद का भी दौरा किया। इससे पहले 20 जनवरी को मुनीर ने बहावलपुर का दौरा किया था। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने यहां आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। उन्होंने पंजाब के खैरपुर तमेवाली में बहावलपुर गैरीसन के सैनिकों को संबोधित किया था और 'स्टेडफास्ट रिजॉल्व' नामक सैन्य अभ्यास का भी अवलोकन किया।