LOADING...
5 बंगले, 13 प्लॉट और 2 करोड़ कैश; ओडिशा का सरकारी इंजीनियर निकला धनकुबेर
ओडिशा के सरकारी इंजीनियर के पास से करोड़ों की संपत्ति और सोना बरामद किया गया है

5 बंगले, 13 प्लॉट और 2 करोड़ कैश; ओडिशा का सरकारी इंजीनियर निकला धनकुबेर

लेखन आबिद खान
Jun 07, 2026
12:22 pm

क्या है खबर?

ओडिशा के सतर्कता विभाग ने एकीकृत जनजातीय विकास एजेंसी (ITDA) के एक सहायक कार्यकारी अभियंता (AEE) बैकुंठनाथ बेहरा से जुड़े 9 ठिकानों पर छापा मारा। इस दौरान एजेंसी को जो मिला, उसने अधिकारियों के होश उड़ा दिए। बेहरा के पास से 5 बहुमंजिला आलीशान मकान, 13 कीमती प्लॉट, लाखों रुपये की संपत्ति, सोने के आभूषण और बैंक लॉकरों का पता चला है। चौंकाने वाली बात है कि बेहरा ने 1999 में केवल 6,000 रुपये वेतन पर नौकरी शुरू की थी।

छापा

एक साथ 9 जगहों पर मारा गया छापा

दरअसल, सतर्कता विभाग को शिकायत मिली थी कि बेहरा ने कानूनी आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। इसके बाद भुवनेश्वर, बालीगुडा और बारीपदा समेत 9 ठिकानों पर एक साथ छापा मारा गया। टीम में 2 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 5 उप पुलिस अधीक्षक, 6 निरीक्षक और अन्य अधिकारी शामिल थे। टीम ने जब दस्तावेज, घरों और लॉकर की तलाशी लेनी शुरू की तो बेहरा की अरबों की संपत्ति का खुलासा हुआ।

संपत्ति

बेहरा के नाम करोड़ों की संपत्ति

जांच में पता चला कि भुवनेश्वर के चंद्रशेखरपुर, नीलाद्रि विहार, शैलश्री विहार, संतोषी विहार और घाटिकिया जैसे इलाकों में बेहरा के कई प्लॉट और मकान हैं। इसके अलावा खुर्दा-जटनी के नीलकंठपुर, जाजपुर के धर्मशाला और मयूरभंज के श्यामाखुंटा में भी बेहरा की जमीन होने का खुलासा हुआ है। अब तक कुल 13 प्लॉट की पहचान की गई है। एक रिश्तेदार के नाम पर भी 2500 वर्गफुट का 2 मंजिला मकान मिला है।

Advertisement

सोना

लॉकरों ने उगला सोना और नगदी

टीम को परिवार से जुड़े बैंक लॉकरों से करीब 2 करोड़ रुपये नगद भी मिले हैं। इसके अलावा बेहरा के आवास से भी 2.66 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। सतर्कता विभाग को चंद्रशेखरपुर स्थित आवास से 2 सोने की मूर्तियों सहित भारी मात्रा में स्वर्ण आभूषण मिले हैं। लॉकरों से भी 300 ग्राम से ज्यादा सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि बेहरा की पत्नी के नाम पर 2 बैंक लॉकर भी हैं।

Advertisement

नौकरी

4 महीने पहले ही हुआ था बेहरा का प्रमोशन

बेहरा ने 16 अगस्त, 1999 को नबरंगपुर जिले में 6,000 रुपये की मासिक सैलरी पर जूनियर इंजीनियर की नौकरी शुरू की थी। इसके बाद वे नवरंगपुर, उदला, डाबूगांव समेत अलग-अलग ITDA कार्यालयों में रहे। 2016 में उन्हें सहायक अभियंता बनाया गया था। इसी साल 12 फरवरी को उन्हें सहायक कार्यकारी अभियंता (AEE) के पद पर पदोन्नति मिली थी और कंधमाल जिले के बालीगुडा स्थित ITDA में पोस्ट किया गया थाे।

Advertisement