कोलकाता रेप-हत्या कांड के बाद भी नहीं थमी वारदातें, अब उत्तराखंड में नर्स के साथ हैवानियत
क्या है खबर?
पूरे देश में कोलकाता की महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या को लेकर बवाल थम नहीं रहा है कि उत्तराखंड से भी ऐसा ही मामला सामने आया है।
यहां एक नर्स के साथ लूटपाट और बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी गई।
पीड़िता 30 जुलाई से लापता थी और 8 अगस्त को उसका शव उत्तर प्रदेश से बरामद हुआ था। पूरे मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मामला
क्या है मामला?
दरअसल, महिला नर्स उत्तराखंड के रुद्रपुर में एक निजी अस्पताल में काम करती थी।
द इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, 30 जुलाई को वो ड्यूटी पर गई, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। इसके बाद महिला की बहन ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें एक व्यक्ति को महिला का पीछा करते हुए देखा गया।
लाश
9 दिन बाद मिली लाश
इधर पुलिस जांच में जुटी थी कि 8 अगस्त को उत्तर प्रदेश के बिलासपुर जिले में एक महिला का क्षत-विक्षत हालत में शव बरामद हुआ।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि महिला के साथ बलात्कार किया गया था, जिसके बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई।
बता दें कि महिला और आरोपी दोनों उत्तर प्रदेश के ही रहने वाले थे। घटना के बाद से महिला का मोबाइल भी गायब था।
आरोपी
कैसे पकड़ा गया आरोपी?
पुलिस ने पीड़िता का फोन ट्रैकिंग पर डाल रखा था। जांच में पता चला कि फोन उत्तर प्रदेश के बरेली में है।
इसके बाद टीम बरेली पहुंची तो पता चला कि आरोपी की पत्नी फोन का इस्तेमाल कर रही थी। हालांकि, तब तक आरोपी और उसकी पत्नी फरार हो गए थे।
बाद में आरोपी की लोकेशन राजस्थान के जोधपुर में मिली। इसके बाद तुरंत एक टीम जोधपुर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना
आरोपी ने घटना के बारे में क्या बताया?
आरोपी का नाम धर्मेंद्र है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह पिछले 5-6 महीनों से एक गेहूं फैक्ट्री में काम कर रहा था।
30 जुलाई को उसे सुनसान अंधेरे में अकेली महिला जाते हुए दिखी। इसके बाद उसने महिला को पकड़कर उसका मुंह दबाते हुए झाड़ियों में ले गया।
वहां महिला के साथ बलात्कार किया। जब महिला ने शोर मचाया तो उसका सिर सड़क पर पटका और स्टाल से गला घोंट दिया।
कोलकाता मामला
कोलकाता कांड के बाद देशभर में उबाल
9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज के सेमिनार हॉल में एक महिला डॉक्टर का शव मिला था।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डॉक्टर की हत्या से पहले रेप की पुष्टि हुई। उसकी आंख, मुंह, पैर, गर्दन, हाथ, कमर और निजी अंगों पर काफी चोटें थीं।
मामले में पुलिस ने अस्पताल में आने-जाने वाले एक नागरिक स्वयंसेवक संजय रॉय को गिरफ्तार किया है। इस मामले पर पूरे देश में खूब गुस्सा देखने को मिल रहा है।