LOADING...
NTA बदलेगी प्रक्रिया, विशेषज्ञों को नहीं बताएगी किस परीक्षा का पेपर बना रहे- रिपोर्ट
पेपर लीक रोकने के लिए NTA व्यवस्था में बदलाव करने जा रही है

NTA बदलेगी प्रक्रिया, विशेषज्ञों को नहीं बताएगी किस परीक्षा का पेपर बना रहे- रिपोर्ट

लेखन आबिद खान
Jun 07, 2026
04:16 pm

क्या है खबर?

NEET पेपर लीक से विवादों में आई राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर रही है। अब NTA जिन विशेषज्ञों से प्रश्न तैयार करवाएगी, उन्हें पता नहीं होगा कि वे किस परीक्षा का पेपर बना रहे हैं। NTA इन सवालों से एक बड़ा प्रश्न बैंक बनाएगी, जिसमें से कुछ सवालों को मुख्य परीक्षा के लिए चुने जाएगा। इससे विशेषज्ञों को भी नहीं पता होगा कि कौनसा सवाल परीक्षा में आएगा।

रिपोर्ट

अनुवाद से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी के बाद उठाया कदम

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, पेपर लीक में हुई गिरफ्तारियों से संकेत मिला है कि सवाल कुछ गोपनीय प्रक्रियाओं के पहले चरण के दौरान ही लीक हो गए थे। गिरफ्तार किए गए लोग पेपर सेट करने और अनुवाद करने में शामिल रहे थे। इसके बाद NTA ने नई व्यवस्था पर विचार करना शुरू किया है। पेपर लीक मामले में अनुवाद करने वालों की गिरफ्तारी के बाद NTA ने अनुवाद से जुड़ी प्रक्रिया में भी बदलाव करना चाहती है।

बयान

अधिकारी ने कहा- विशेषज्ञ को नहीं पता होगी पेपर किस परीक्षा का

एक अधिकारी ने कहा, "विशेषज्ञ को यह नहीं पता होना चाहिए कि सवाल NEET, JEE या किसी अन्य परीक्षा के लिए है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एक व्यक्ति को अंतिम पेपर की जानकारी न हो। हमारे पास 10,000 सवालों का बैंक हो सकता है। उसमें से फाइनल पेपर बनाया जा सकता है। तकनीक कठिनाई स्तर और सवालों के बंटवारे में मदद कर सकती है। पेपर जितने कम लोगों की नजर से गुजरे, उतना अच्छा है।"

Advertisement

AI

अनुवाद में AI का होगा इस्तेमाल

अधिकारी ने आगे कहा, "अनुवादक का काम बस यह देखना होगा कि क्या अनुवाद ठीक है या नहीं। हम यह पक्का करना चाहते हैं कि अनुवादकों को यह पता न हो कि किस खास परीक्षा के लिए सवाल तैयार किया जा रहा है। उन्हें सिर्फ सवालों को वेरिफाई करना चाहिए, न कि पूरे प्रश्न पत्र को संभालना चाहिए।" NTA ने पहले सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि वह 85 प्रतिशत अनुवाद AI से कराने की योजना बना रही है।

Advertisement

गिरफ्तारी

पेपर लीक मामले में 13 गिरफ्तार

NEET-UG परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी। पेपर लीक की सूचना मिलने के बाद 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है, जिसने अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें कुछ प्रोफेसर भी हैं, जो NTA में विशेषज्ञ थे या अनुवाद प्रक्रिया से जुड़े थे। अब ये परीक्षा दोबारा 21 जून को होगी।

Advertisement