संकरे रास्ते, 6 के लाइसेंस पर बनाए 25 कमरे; दिल्ली होटल आगजनी में सामने आईं लापरवाहियां
क्या है खबर?
दिल्ली के मालवीय नगर में होटल में आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई है। इनमें 18 विदेशी नागरिक हैं। वहीं, 37 लोगों को बचाया गया है, जिनमें से कई की हालत गंभीर है। बचाव अभियान में जुटे 10 पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की खबर है। इस हादसे ने एक बार फिर बहुमंजिला इमारतों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, चूंकि हादसे के बाद प्रारंभिक जांच में कई लापरवाहियां सामने आई हैं।
अनुमति
होटल में 6 के लाइसेंस पर 25 कमरे बनाए
जिस होटल में आग लगी, उसका नाम फ्लोरिस स्टे गेस्टहाउस था। इसे B&B यानी बेड एंड ब्रेकफास्ट कॉन्सेप्ट के तहत लाइसेंस जारी किया गया था। इसके तहत प्रशासन ने होटल को केवल 6 कमरों के संचालन के लिए लाइसेंस जारी किया था। इसके बावजूद इमारत में 25 कमरों में मेहमानों को ठहराया गया था। लापरवाही की हद तो यहां हो गई कि कम से कम 4 कमरे बेसमेंट में ही बना दिए गए।
रास्ते
आने-जाने का एक ही और संकरा रास्ता
होटल बेहद संकरी गली में बनी हुई थी। इस वजह से फायर ब्रिगेड को भी पहुंचने में देरी हुई। 6 मंजिला इस होटल में आने और जाने का एक ही रास्ता था वो भी बेहद संकरा था। इसके चलते अंदर फंसे लोगों को बाहर आने का मौका नहीं मिला। यहां तक कि आपातकालीन रास्ता भी नहीं था। कम से कम 3 लोगों ने तीसरी-चौथी मंजिल की खिड़कियों से कूदकर जान बचाई। बेसमेंट का रास्ता भी काफी संकरा था।
NOC
अधिकारी बोले- होटल के पास फायर NOC नहीं
आज तक से बात करते हुए डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर एक मलिक ने कहा कि होटल के पास फायर NOC नहीं थी और आगजनी से जुड़े नियमों का घोर उल्लंघन किया गया था। मलिक ने कहा, "होटल को NOC नहीं थी, क्योंकि इमारत ऐसी बनी थी कि NOC नहीं मिल सकती। इसमें सही वेंटिलेशन नहीं है, आने-जाने के अलग-अलग रास्ते नहीं हैं। फायर सेफ्टी के तहत कई उपाय किए जाते हैं जो पूरे नहीं हैं।"
गेट
होटल का मेन गेट इलेक्ट्रॉनिक था, बिजली जाते ही लॉक हो गया
समाचार एजेंसी ANI से एक चश्मदीद मंसूर ने कहा, "बिल्डिंग का मेन गेट इलेक्ट्रॉनिक था, जो बिजली जाने के बाद लॉक हो गया और लोगों के बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। स्थानीय लोगों ने शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों की मदद करने की कोशिश की। कुछ लोगों ने दूसरी मंजिल से छलांग लगाई, जिससे वे घायल हो गए। लोगों ने आसपास के होटलों से गद्दे लाकर नीचे बिछाए ताकि ऊपर से कूदने वालों की जान बचाई जा सके।"
होटल मालिक
होटल मालिक के बारे में क्या-क्या पता है?
होटल मालिक का नाम लोकेश बजाज है। बजाज के साथ-साथ इस रेस्टोरेंट के 2 और पार्टनर हैं, जिनके बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। बताया जा रहा है कि इन लोगों के दिल्ली में कई अन्य होटल और गेस्ट हाउस भी हैं। फिलहाल तीनों फरार चल रहे हैं और मोबाइल भी बंद हैं। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। लापरवाहियों को लेकर भी जांच की जा रही है।