दिल्ली के मालवीय नगर में रेस्तरां में लगी भीषण आग, विदेशी नागरिक समेत 21 की मौत
क्या है खबर?
दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार तड़के एक रेस्तरां में भीषण आग लग गई। हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है और 11 से अधिक लोग झुलस गए हैं। हादसा दक्षिण दिल्ली के हौज रानी इलाके में स्थित बहुमंजिला लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में हुआ है। दिल्ली अग्निशमन सेवा को सुबह करीब 9.45 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। घटना के समय 37 लोग रेस्तरां में फंस गए थे, जिन्हें बचाया गया है।
आग
कैसे लगी आग?
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिस इमारत में आग लगी है, वह 5 मंजिल की है। सबसे पहले आग, ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी, जिसके बाद वह ऊपर के मंजिलों तक पहुंच गई। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण बताया जा रहा है। दमकल की 10 गाड़ियों ने इमारत की आग पर काबू पा लिया है। रेस्तरां के तहखाने से 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
जांच
इमारत से कूदकर बचाई जान, मृतकों में विदेशी भी शामिल
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक महिला ने आग से बचने के लिए ऊपर की मंजिल से छलांग लगा दी थी। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पॉश इलाके में रेस्तरां होने के कारण यहां कुछ विदेशी नागरिक भी ठहरे हुए थे। पुलिस ने अभी तक मृतकों की पहचान नहीं की है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती ने बताया कि मृतकों में अधिकतर दक्षिण अफ्रीकी नागरिक हैं।
जांच
सिर्फ 6 कमरे चलाने की मिली थी अनुमति, चल रहे थे 25
इंडिया टुडे के मुताबिक, रेस्तरां को दिल्ली सरकार की ओर से बेड एंड ब्रेकफास्ट कॉन्सेप्ट के तहत लाइसेंस दिया गया था। इसमें रहने की भी व्यवस्था थी। लाइसेंस की शर्तों के तहत 6 कमरे संचालित करने की अनुमति दी गई थी, लेकिन होटल में तहखाने सहित कुल 25 कमरे संचालित किए जा रहे थे। आग लगने के बाद इमारत का बाहरी हिस्सा पूरी तरह से जलकर खाक हो चुका है। अंदर भी काफी नुकसान हुआ है।
जांच
तारों का बना हुआ था मकड़जाल, गद्दे वाले ने बिछाए गद्दे
भारती ने मीडिया को बताया कि रेस्तरां में तारों का मकड़जाल है, जो गर्मी में हीट हो गया और उसी से आग पहले रेस्तरां के किचन में लगी, फिर ऊपरी मंजिल तक पहुंची। उन्होंने बताया कि रेस्तरां के सामने मैक्स अस्पताल है, जहां भर्ती मरीजों के तीमारदार इसी रेस्तरां में रहने आते हैं। उन्होंने बताया कि रेस्तरां के पास ही एक गद्दे वाले ने अपने सारे गद्दे बिछा दिए, जिस पर लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई।
मदद
प्रधानमंत्री मोदी ने 2 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए प्रियजनों को खोने वालों के प्रति गहरी संवेदनाएं जताई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी प्रभावित परिवारों को सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता और सहयोग देने के साथ हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध जताई है।
ट्विटर पोस्ट
आग का दृश्य
दिल्ली - मालवीय नगर के लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में आग लगने से 10 लोगों की मौत हुई है. डेढ़ दर्जन लोग बुरी तरह झुलसे है. बताया जा रहा है कि हताहतों में कुछ विदेशी भी है. रेस्क्यू जारी है. pic.twitter.com/XIZhNcGeZf
— Narendra Pratap (@hindipatrakar) June 3, 2026
ट्विटर पोस्ट
आग बुझाने के बाद जांच
दिल्ली: मालवीय नगर स्थित 'लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट' में आग लग गई। आग बुझाने के लिए दमकल की 10 गाड़ियां और आपातकालीन वाहन मौके पर भेजे गए। बेसमेंट से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। आग पर काबू पा लिया गया है। pic.twitter.com/qUe8wyUOXV
— IANS Hindi (@IANSKhabar) June 3, 2026