अपनी शादी के लिए चुराए 4 करोड़ के गहने, तनिष्क का कर्मचारी गिरफ्तार
गाजियाबाद में तनिष्क के एक कर्मचारी ने एक बड़ी चोरी को अंजाम दिया है। 23 साल के नितिन वर्मा, जिसे नौकरी पर आए अभी करीब डेढ़ महीना ही हुआ था, उसने अपनी शादी के लिए 4 करोड़ रुपये से ज्यादा के गहने चुरा लिए। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में उसकी गर्लफ्रेंड और पिता को भी हिरासत में लिया गया है, क्योंकि वे भी इस योजना में शामिल थे।
तनिष्क कर्मचारी ने चाबी चुराई, 3.1 करोड़ रुपये बरामद हुए
पुलिस के मुताबिक, नितिन ने अपने साथियों के लिए एक पार्टी रखी थी। इसी दौरान उसने कैशियर को शराब पिलाकर स्टोर की चाबी चुरा ली। शोरूम में न तो कोई अलार्म सिस्टम था और न ही रात में ठीक से सुरक्षा का कोई इंतजाम। इसी का फायदा उठाकर उसने सिर्फ 25 मिनट में करोड़ों रुपये की महंगी ज्वेलरी चुरा ली और किसी को भनक भी नहीं लगी। बाद में पुलिस ने चोरी की ज्यादातर ज्वेलरी, करीब 3.1 करोड़ रुपये का सामान और कुछ नकदी बरामद कर ली है। पुलिस अब भी बाकी बची ज्वेलरी और इस मामले में शामिल अन्य साथियों की तलाश कर रही है।