दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 60 मौतों के बाद नितिन गडकरी मैदान में, खुद परखेंगे सुरक्षा इंतजाम
राजस्थान के दौसा के पास हुए एक भीषण बस-ट्रक हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया है। इस भयानक सड़क दुर्घटना में 8 लोगों ने अपनी जान गंवा दी और 28 लोग घायल हुए। इस दुखद हादसे के बाद अब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी अगले बुधवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करने पहुचेंगे। पिछले डेढ़ साल में ही इस एक्सप्रेसवे पर 60 से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं, जिससे सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
गडकरी करेंगे एक्सप्रेसवे के निर्माण और सुरक्षा की समीक्षा
गडकरी दिल्ली से कोटा तक का दौरा करेंगे। इस दौरान वे एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य की गुणवत्ता, इसके रखरखाव और खासकर सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं की जांच करेंगे। इनमें दिशासूचक बोर्ड और इमरजेंसी फोन शामिल हैं, जिन पर हादसे के बाद से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। गडकरी के दौरे से पहले, अधिकारी खराब हो चुके साइन बोर्ड और काम न कर रहे SOS फोन को दुरुस्त करने में तेजी से जुटे हैं। उम्मीद है कि यह निरीक्षण एक्सप्रेसवे को सभी के लिए ज्यादा सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़े और ठोस बदलाव लाएगा।