LOADING...
पहलगाम हमले का वीडियो बनाने वाला फोटोग्राफर बना अहम गवाह, NIA को दी खास जानकारी
NIA ने पहलगाम हमले की जांच शुरू कर दी है

पहलगाम हमले का वीडियो बनाने वाला फोटोग्राफर बना अहम गवाह, NIA को दी खास जानकारी

लेखन आबिद खान
Apr 27, 2025
05:08 pm

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शुरू कर दी है। इस मामले में केंद्र सरकार के आदेश के बाद NIA ने FIR दर्ज कर कुछ अहम लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है। NIA ने उस शख्स से पूछताछ की है, जिसने हमले के दौरान का पूरा वीडियो बनाया था। ये शख्स हमले के अहम चश्मदीद गवाह के तौर पर सामने आया है।

पेड़

वीडियो बनाने वाले ने पेड़ पर चढ़कर बचाई जान

न्यूज18 से बात करते हुए एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "जब गोलीबारी शुरू हुई तो यह स्थानीय फोटोग्राफर अपनी जान बचाने के लिए भागा और गोलियों से बचने के लिए एक पेड़ पर चढ़ गया। हालांकि, इस दौरान वह वीडियोग्राफी करता रहा और उसने पूरे आतंकी हमले को रिकॉर्ड कर लिया।" NIA ने वीडियोग्राफर से पूछताछ की है और वीडियो के आधार पर आतंकवादियों तथा उनकी सहायता करने वाले संभावित ओवरग्राउंड वर्कर्स की पहचान कर रही है।

आतंकी

2-2 के समूह में थे 4 आतंकी

शुरुआती जांच में पता चला है कि 4 आतंकवादी 2-2 के समूह में थे और इन्होंने घास के मैदान के दोनों ओर से गोलीबारी की। एक अधिकारी ने कहा, "दोपहर करीब ढाई बजे दुकानों के पीछे छिपे 2 आतंकवादियों ने नाश्ता कर रहे गैर-स्थानीय लोगों से उनके धर्म के बारे में पूछा। कुछ लोगों से कलमा पढ़ने को कहा गया। जो नहीं पढ़ पाए, उन्हें मार दिया गया। इन लोगों को करीब से सीने और सिर में गोली मारी गई।"

गवाही

भारतीय सेना के कर्नल की गवाही भी अहम

इंडिया टुडे के मुताबिक, जांच में एक और महत्वपूर्ण पहलू भारतीय सेना के एक लेफ्टिनेंट कर्नल की गवाही है, जो हमले के दौरान अपने परिवार के साथ छुट्टियां मना रहे थे। सूत्रों के अनुसार, कई चश्मदीद हमले के बाद सदमे में थे, वहीं, प्रशिक्षित सेना अधिकारी की जागरूकता महत्वपूर्ण जानकारी जुटाने में अहम साबित हुई है। उन्होंने न केवल अपने परिवार की सुरक्षा की, बल्कि हमले के बारे में जांच एजेंसियों को महत्वपूर्ण सुराग भी दिए।े

लोग

3 किलोमीटर के दायरे में मौजूद लोगों से होगी पूछताछ

NIA हमले में घायल लोगों और मृतक परिवार के लोगों के भी बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा घटना के समय घटनास्थल के करीब 3 किलोमीटर के दायरे में मौजूद लोगों की जानकारी भी निकाली जा रही है। संभावना है कि इनसे भी पूछताछ की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में NIA ने 23 अप्रैल से ही घटनास्थल पर अपना कैंप बना लिया है और जांच में जुटी है।

मुलाकात

रक्षा मंत्री से मिलने पहुंचे CDS अनिल चौहान 

पहलगाम हमले के बीच भारत में उच्च स्तरीय बैठकों का दौर जारी है। भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) अनिल चौहान आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिलने उनके आवास पहुंचे। दोनों के बीच पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा और आगे की रणनीति पर चर्चा हो सकती है। CDS रक्षा मंत्री को हालात की जानकारी देंगे। वहीं, सीमा सुरक्षा बल (BSF) के डायरेक्टर जनरल (DG) दलजीत सिंह चौधरी भी नॉर्थ ब्लॉक पहुंचे हैं।