LOADING...
दिल्ली लाल किला धमाका: NIA ने 7,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की, 10 आरोपियों के नाम
दिल्ली धमाके मामले में NIA ने चार्जशीट दायर की है (फाइल तस्वीर)

दिल्ली लाल किला धमाका: NIA ने 7,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की, 10 आरोपियों के नाम

लेखन आबिद खान
May 14, 2026
04:08 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार धमाके से जुड़े मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 7,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। इसमें 10 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनके संबंध अंसार गजवत-उल-हिंद' (AGuH) से है, जो अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) की ही शाखा है। बता दें कि 10 नवंबर, 2025 को लाल किले के पास हुए इस धमाके में 11 लोगों की मौत हुई थी।

चार्जशीट

2022 में श्रीनगर में आरोपियों ने की थी गुप्त बैठक

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, चार्जशीट में 588 गवाहों के बयान, 395 दस्तावेज और 200 से ज्यादा सबूतों की जानकारी शामिल है। एजेंसी के मुताबिक, आरोपियों ने 2022 में श्रीनगर में गुपचुप तरीके से मुलाकात की और तुर्की के रास्ते अफगानिस्तान भागने की नाकाम कोशिश की। इसके बाद 'AGuH Interim' नामक संगठन को फिर सक्रिय किया और 'ऑपरेशन हेवनली हिंद' शुरू किया। आरोपियों ने नए सदस्यों की भर्ती और बड़े पैमाने पर विस्फोटक तैयार किया था।

हमले

आधुनिक हथियारों के साथ प्रयोग कर रहे थे आतंकी- NIA

चार्जशीट के मुताबिक, समूह ने आसानी से मिलने वाले रसायनों का इस्तेमाल कर विस्फोटक बनाए और इन्हें घातक बनाने के लिए प्रयोग किए। ये भी पता चला कि यह मॉड्यूल आधुनिक हथियारों के साथ भी प्रयोग कर रहा था, जिनमें रॉकेट और ड्रोन पर लगाए जाने वाले IED भी शामिल थे। इसका मकसद पूरे भारत में सुरक्षा ठिकानों को निशाना बनाना था। आरोपियों ने गैर-कानूनी तरीके से प्रतिबंधित हथियार जमा कर रखे थे, जिनमें AK-47 राइफलें शामिल हैं।

Advertisement

आरोपी

चार्जशीट में किन-किन आरोपियों के नाम?

चार्जशीट में आमिर राशिद मीर, जासिर बिलाल वानी, डॉक्टर मुजम्मिल शकील, डॉक्टर आदिल अहमद राथर, डॉक्टर शाहीन सईद, मुफ्ती इरफान अहमद वागे, सोयब, डॉक्टर बिलाल नसीर मल्ला और यासिर अहमद डार के नाम हैं। वहीं, मुख्य आरोपी पुलवामा निवासी डॉक्टर उमर उन नबी का भी नाम है, जिसकी मौत हो चुकी है। जिस कार में धमाका हुआ था, उसे उमर ही चला रहा था। NIA ने उसके खिलाफ आरोप खत्म करने का प्रस्ताव दिया है।

Advertisement

अन्य खुलासे

चार्जशीट में और क्या खुलासे किए गए हैं?

NIA के मुताबिक, आतंकियों ने MMO एनोड और इलेक्ट्रॉनिक सर्किट जैसे खास लैब के उपकरण ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से हासिल किए। धमाके में इस्तेमाल TATP विस्फोटक आरोपियों ने खुद तैयार किया था। NIA ने अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपियों पर UAPA, भारतीय न्याय संहिता, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से बचाने वाले अधिनियम के तहत आरोप दर्ज किए गए हैं।

धमाका

लाल किले के पास कार में हुआ था धमाका

पिछले साल 10 नवंबर को दिल्ली में लाल किले के पास सफेद कार में हुए धमाके में 11 लोगों की मौत हुई थी और कई घायल हुए थे। शुरुआती जांच में इसका संबंध जैश-ए-मोहम्मद के फरीदाबाद मॉड्यूल से निकला था। इसके बाद फरीदाबाद स्थित अल-फलाह विश्वविद्यालय के कई डॉक्टरों और कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया था। जांच के तार उत्तर प्रदेश और हरियाणा से लेकर जम्मू-कश्मीर तक फैले थे।े

Advertisement