Loading...
उमर अब्दुल्ला की पार्टी में बगावत? मंत्रिमंडल विस्तार से दर्जनों विधायक नाराज, गुप्त बैठक की
नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों में बगावत की अटकलें हैं

उमर अब्दुल्ला की पार्टी में बगावत? मंत्रिमंडल विस्तार से दर्जनों विधायक नाराज, गुप्त बैठक की

लेखन आबिद खान
Oct 31, 2026
01:09 pm

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर की सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के विधायकों में अंदरूनी असंतोष सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि पार्टी के करीब 2 दर्जन विधायकों ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। खबर है कि बीते दिन पूर्व मंत्री और विधायक कैसर जमशेद लोन के आवास पर नाराज विधायकों ने बैठक की। इसमें मुख्यमंत्री अब्दुल्ला के मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव की मांग वाला प्रस्ताव तैयार किया गया है।

बैठक

फारूक अब्दुल्ला से मिलने की तैयारी में नाराज विधायक

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह बैठक हाल ही में मंत्रिमंडल में हुए बदलाव पर चर्चा करने के लिए आयोजित की गई थी, जिसमें 21 विधायक शामिल हुए।

बैठक में विधायकों ने फैसला लिया कि वे NC के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला से मिलेंगे और उनसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

विधायक नजीर गुरेजी की अध्यक्षता में एक समिति बनाई गई है, जो जल्द फारूक व मुख्यमंत्री उमर से मिलकर प्रस्ताव सौंपेगी।

मांगें

क्या हैं विधायकों की मांगें?

विधायकों ने मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर सोगामी और 27 अक्टूबर को हुए कैबिनेट विस्तार में बने 4 नए मंत्रियों को हटाने की मांग की है।

विधायकों ने कहा कि वे मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव चाहते हैं और उनकी मांग है कि मंत्रियों की जिम्मेदारी दोबारा तय की जाए।

एक बड़ी मांग ये भी है कि जिन मंत्रियों को पद संभाले 2 साल हो चुके हैं, उन्हें मंत्रिमंडल से हटाया जाए।

ADVERTISEMENT

वजह

क्यों नाराज बताए जा रहे विधायक?

इस पूरे विवाद की शुरुआत हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद हुई। इस विस्तार में कई ऐसे विधायकों को मंत्री नहीं बनाया गया, जिनकी बड़ी दावेदारी मानी जा रही थी। इनमें नजीर अहमद गुरेजी, अब्दुल मजीद और मुबारक गुल जैसे नेता शामिल थे।

नजीर अहमद और मजीद ने मंत्री पद न मिलने पर सार्वजनिक तौर पर पार्टी की आलोचना की थी।

विधायकों ने उमर पर वरिष्ठों को नजरअंदाज करने और अपने करीबियों को प्राथमिकता देने के आरोप लगाए।

ADVERTISEMENT