
नेपाल बस हादसे में मृतकों की संख्या 27 हुई, वायुसेना के विमान से लाए जाएंगे शव
क्या है खबर?
नेपाल के तानाहुन जिले में 23 अगस्त को हुए बस हादसे में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 27 पर पहुंच गया है। कुछ घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है।
बस में सवार सभी यात्री महाराष्ट्र के रहने वाले थे। ये बस नेपाल के पोखरा से काठमांडू जा रही थी, तभी संतुलन बिगड़ने के बाद हाईवे से लगभग 500 फीट नीचे मार्स्यांग्डी नदी में गिर गई।
बस में 44 लोग सवार थे।
विमान
वायुसेना के विमान से लाए जाएंगे शव
भारतीय वायुसेना का एक विमान मारे गए लोगों के शव नासिक लेकर आएगा। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले लोग जलगांव जिले के वरणगांव, दरियापुर, तलवेल और भुसावल के रहने वाले थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, आज दोपहर करीब 2 बजे तक पोस्टमार्टम के बाद शवों को सौंपा जाएगा। इसके बाद सभी शवों को सड़क मार्ग से गोरखपुर एयरपोर्ट लाया जाएगा, जहां से वायुसेना के विमान के जरिए महाराष्ट्र भेजा जाएगा।
बसें
3 बसों में नेपाल घूमने गए थे महाराष्ट्र के लोग
दैनिक भास्कर के मुताबिक, महाराष्ट्र के लोग 3 बसों में सवार होकर नेपाल घूमने निकले थे। इसके लिए करीब 4 महीने पहले गोरखपुर के केसरवानी ट्रेवल्स की 3 बसों को बुक किया गया था।
तीनों बसें 20 अगस्त को नेपाल पहुंचीं और 10 दिन इन्हें नेपाल में घूमना था। इन्हीं 3 में से एक बस हादसे का शिकार हो गई। दूसरी बसों में सवार लोग नेपाल के मुगलिंग में रुके हुए हैं।
हादसा
कैसे हुआ हादसा?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भूस्खलन की वजह से सड़क पर बड़ा गड्ढा हो गया था। बस का पहिया जैसे ही गड्ढे में गया, बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
दुर्घटनाग्रस्त बस के ठीक पीछे चल रहे ट्रेवलर के चालक इब्राहिम ने नेपाल पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को ये जानकारी दी है।
इब्राहिम के पिता मुस्तफा ही बस को चला रहे थे। हादसे के समय उसकी गाड़ी बस के ठीक पीछे चल रही थी।
घायल
कई घायलों का इलाज जारी
नेपाल सरकार से मिली जानकारी के अनुसार बस में कुल 44 लोग सवार थे। इसमें 42 यात्री थे, जबकि एक ड्राइवर और एक कंडक्टर था।
राहत आयुक्त कार्यालय ने बताया कि हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 लोगों का काठमांडू के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों को भी इलाज के बाद सड़क मार्ग से भारत लाने की तैयारी है।
एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है।
प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ने जताया दुख
घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'नेपाल के तानाहुन जिले में सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। शोक संतृप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। मैं घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। भारतीय दूतावास प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।"
इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए थे।