NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में अब तक 15 पकड़े गए, जयपुर से कथित मास्टरमाइंड गिरफ्तार
क्या है खबर?
पेपर लीक के कारण रद्द हुई राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) ने मंगलवार को 2 लोगों को हिरासत में लिया है, जिसमें से एक को पेपर लीक का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। इनकी पहचान मनीष यादव और राकेश मंडावरिया के रूप में हुई है। मनीष को जयपुर में हिरासत में लिया गया है। दोनों की प्रश्न-पत्र प्रसारित करने में भूमिका है।
जांच
अब तक 15 लोग हिरासत में
दैनिक भास्कर के मुताबिक, पेपर लीक मामले में सीकर, झुंझनू और देहरादून से अब तक 15 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि सबसे पहले कथित अनुमान-पत्र सीकर के छात्रों को 1 मई को मिला था, जिसमें से 120 से 140 हुबहू प्रश्न 3 मई की NEET परीक्षा में आए थे। यह प्रश्न-पत्र छात्रों से होते हुए कोचिंग संचालकों तक पहुंचा था। शिकायत के बाद इसकी जांच शुरू हुई थी।
लीक
दोबारा होगी परीक्षा
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने मंगलवार को बयान जारी कर कहा कि केंद्रीय एजेंसियों की सूचना के बाद 3 मई को हुई NEET-UG 2026 की परीक्षा रद्द कर दी गई है। परीक्षा दोबारा होगी, जिसकी तारीख जल्द घोषित की जाएगी। परीक्षा के लिए नए पंजीकरण की जरूरत नहीं होगी, कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। छात्रों के मौजूदा पंजीकरण डेटा और परीक्षा केंद्र पहले के रहेंगे। नए प्रवेश-पत्र जारी किए जाएंगे। CBI पेपर लीक मामले की जांच करेगी।