पेपर लीक के कारण NTA ने NEET UG 2026 रद्द की, CBI को सौंपी जाएगी जांच
क्या है खबर?
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 3 मई को आयोजित हुई राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 की परीक्षा रद्द कर दी है। एजेंसी ने मंगलवार को बताया कि नई तिथियों पर दोबारा से आयोजित की जाएगी, जिसकी सूचना बाद में जारी होगी। एजेंसी ने बताया कि उसने परीक्षा रद्द करने का निर्णय केंद्रीय एजेंसियों और कानून प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा साझा की गई सूचनाओं के आधार पर लिया है, जिसने पेपर लीक होने की संभावना जताई है।
रद्द
क्यों की गई परीक्षा रद्द?
NEET-UG की परीक्षा 3 मई को 22 लाख से अधिक छात्रों के लिए आयोजित हुई थी। इसके बाद पता चला कि राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह ने परीक्षा से पहले पेपर लीक होने के आरोपों की जांच की। इस दौरान जांचकर्ताओं को एक हस्तलिखित 'अनुमान पत्र' मिला, जिसमें लगभग 140 प्रश्न वास्तविक परीक्षा से मेल खाते थे, जो 720 में लगभग 600 अंकों के लिए थे। इसके बाद NTA ने परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया।
जांच
CBI को सौंपी गई जांच
राजस्थान में पेपर लीक के तार सीकर, दिल्ली, नागौर, केरल से जुड़े बताए जा रहे हैं, जिसमें कोचिंग सेंटर, काउंसलिंग एजेंट और छात्र नेटवर्क शामिल हैं। केंद्र सरकार ने मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपा है, ताकि आरोपों की व्यापक जांच हो सके। NTA ने बताया कि यह फैसला राष्ट्रीय परीक्षाओं के निष्पक्ष, सुरक्षित और विश्वसनीय संचालन के लिए उठाया गया है, क्योंकि कानून एजेंसियों के निष्कर्ष को देखते हुए परीक्षा की अनुमति नहीं दी जा सकती।
राहत
दोबारा परीक्षा के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा
NTA ने कहा कि दोबारा परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को नए पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी, कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। उसने बताया कि मौजूदा पंजीकरण डेटा और परीक्षा केंद्र यथावत रहेंगे और छात्रों द्वारा पहले से भुगतान की गई फीस वापस कर दी जाएगी। दोबारा होने वाली परीक्षा की तिथियां, और नए सिरे से जारी होने वाले प्रवेश-पत्र, आने वाले दिनों में एजेंसी के आधिकारिक माध्यमों से सूचित किया जाएगा। परीक्षा NTA अपने संसाधनों से कराएगा।
विरोध
कांग्रेस का विरोध शुरू
पेपर लीक होने के बाद NEET रद्द होने पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। मंगलवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने शिक्षा मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, 'NEET का प्रश्नपत्र लीक हो गया है- परीक्षा रद्द कर दी गई है। लगभग 22 लाख छात्रों की मेहनत व्यर्थ हो गई है। परीक्षा में पेपर लीक और अनियमितताएं भाजपा सरकार की पहचान बन गई हैं।'
ट्विटर पोस्ट
दिल्ली में NSUI का प्रदर्शन
#WATCH | Delhi: National Students' Union of India (NSUI) workers hold protest against the central government after the NEET-UG 2026 examination was cancelled amid allegations of paper leak and examination irregularities pic.twitter.com/qkQ6BHClIV
— ANI (@ANI) May 12, 2026