गुजरात तट पर NCB-ATS की बड़ी कार्रवाई, 86 किलोग्राम ड्रग्स के साथ 14 पाकिस्तानी गिरफ्तार
क्या है खबर?
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) के साथ मिलकर भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
तटरक्षक बलों ने गुजरात तट से अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास 86 किलोग्राम ड्रग्स के साथ 14 पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।
बाजार में ड्रग्स सकी कीमत 600 करोड़ रुपये बताई जा रही है। एजेंसियां बीते 2 दिनों से इस ऑपरेशन में जुटी हुई थीं।
आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।
तस्कर
कैसे पकड़े गए ड्रग्स तस्कर?
ICG को इलाके में संदिग्ध नाव होने की खुफिया जानकारी मिली थी।
इसके बाद NCB और ATS अधिकारियों के साथ जहाजों और विमानों को तैनात किया गया।
इस दौरान NCB और ATS अधिकारियों को ले जा रहे ICG के जहाज राजरतन ने संदिग्ध नाव की पहचान की।
तस्करों ने नाव अधिकारियों पर चढ़ाने की कोशिश की, जिसके जवाब में अधिकारियों ने गोलियां चलाईं और अंतत: सभी लोगों को हिरासत में ले लिया।
ऑपरेशन
ICG ने जारी किया ऑपरेशन का वीडियो
ICG ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, 'ICG के जहाज राजरतन ने गुजरात की ATS और NCB के साथ मिलकर रातभर चले समुद्र-वायु समंवित संयुक्त एंटी-नारकोटिक्स ऑपरेशन को अंजाम दिया। इसके परिणामस्वरूप, पोरबंदर के पश्चिम में अरब सागर में पाकिस्तानी नाव को पकड़ा गया है। इस पर 14 पाकिस्तानी चालक दल और लगभग 86 किलोग्राम तस्करी के सामान थे। इस ड्रग्स की कीमत 600 करोड़ रुपये है।'
ICG ने एक वीडियो भी जारी किया है।
कार्रवाई
पिछले महीने भी पकड़े गए थे 6 पाकिस्तानी
इससे पहले 12 मार्च को भी NCB ने गुजरात ATS के साथ मिलकर एक ऑपरेशन में ड्रग्स के 60 पैकेट ले जा रही एक नाव को जब्त किया था, जिस पर 6 पाकिस्तान के नागरिक सवार थे।
उनके पास से 480 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त की गई थी। पोरबंदर से लगभग 350 किलोमीटर दूर अरब सागर में ये कार्रवाई की गई थी।
26 फरवरी को भी 5 पाकिस्तानियों को 3,300 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया था।
प्लस
न्यूजबाइट्स प्लस
बीते 2 सालों में NCB और नौसेना ने गुजरात और केरल के तट से भारी तादाद में ड्रग्स बरामद की है।
11 मई, 2023 को पाकिस्तान से आए एक जहाज से 2,500 किलोग्राम मेथमफेटामाइन बरामद किया गया था, जिसकी कीमत 12,000 करोड़ रुपये बताई गई थी।
फरवरी, 2022 में भी गुजरात तट से 221 किलोग्राम मेथमफेटामाइन बरामद किया गया था।
अक्टूबर, 2022 में केरल तट से 200 किलोग्राम हिरोइन बरामद की गई थी।