Page Loader
बीरभूम हिंसा के आरोपी की मौत के मामले में CBI अधिकारियों के खिलाफ हत्या का केस
CBI और पश्चिम बंगाल पुलिस फिर आमने-सामने आईं

बीरभूम हिंसा के आरोपी की मौत के मामले में CBI अधिकारियों के खिलाफ हत्या का केस

Dec 14, 2022
01:02 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और पश्चिम बंगाल पुुलिस एक बार फिर आमने-सामने हैं और इस बार CBI हिरासत में बीरभूम हिंसा के मुख्य आरोपी की मौत इसका कारण बनी है। बंगाल पुलिस ने मामले में वरिष्ठ CBI अधिकारियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपी की पत्नी के CBI पर उसके पति की हत्या का आरोप लगाने के बाद ये FIR दर्ज की गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, CBI इस FIR को हाई कोर्ट में चुनौती देगी।

पृष्ठभूमि

सोमवार को वॉशरूम में लटका मिला था मुख्य आरोपी का शव

इस साल की शुरूआत में बीरभूम के बोगतुई गांव में हुई हिंसा के मुख्य आरोपी ललन शेख ने सोमवार को रामपुरहाट स्थित CBI के अस्थायी कैंप में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, शेख का शव कैंप के वॉशरूम में लटका मिला। उन्होंन तौलिया की मदद से फांसी लगाई। उनके आत्महत्या करने के समय केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का एक अधिकारी और एक सिपाही ड्यूटी पर तैनात थे।

आरोप

CBI अधिकारियों ने दी थी शेख को जान से मारने की धमकी- पत्नी

शेख की मौत के बाद उनकी पत्नी रेशमा बीवी ने CBI अधिकारियों पर उनकी हत्या करने का आरोप लगाया था। रामपुरहाट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए उन्होंने कहा था कि जांच के दौरान CBI अधिकारियों ने शेख को जान से मारने की धमकी दी थी और केस से नाम हटाने के लिए 50 लाख रुपये मांगे थे। उन्होंने दावा किया कि तीन CBI अधिकारियों ने कुछ बड़े लोगों को नाम लेने के लिए शेख पर दबाव डाला था।

प्रतिक्रिया

रेशमा के आरोपों को खारिज कर चुकी है CBI

CBI ने रेशमा के आरोपों को खारिज किया है और वह अपने स्तर पर शेख की आत्महत्या की जांच कर रही है। दूसरी तरफ बंगाल सरकार ने भी CID को मामले की जांच करने के आदेश दिए हैं। सरकार मामले में CBI पर हमलावर है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को CBI की क्षमता पर सवाल उठाते हुए पूछा था कि अगर CBI इतनी बुद्धिमान है तो शेख ने आत्महत्या कैसे कर ली।

बीरभूम हिंसा

क्या है बीरभूम हिंसा का मामला?

बीरभूमि के बोगतुई गांव में 22 मार्च की सुबह एक उग्र भीड़ ने देसी बमों से कुछ घरों पर हमला कर दिया था। हमले में 10 घर जलकर खाक हो गए और आठ लोगों की जलकर मौत हो गई थी। ये हमला TMC नेता भाडू शेख की हत्या के जवाब में किया था। भाडू की 21 मार्च की रात गांव से कुछ दूर हाईवे पर हत्या कर दी गई थी। मृतक शेख पर भाडू पर बम फेंकने का आरोप था।