शिवम दुबे को शॉर्ट बॉल खेलने में होती थी परेशानी, धोनी की ये सलाह आई काम
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर शिवम दुबे ने खुलासा किया है कि शॉर्ट बॉल के खिलाफ उनके संघर्ष को दूर करने में महेंद्र सिंह धोनी की सलाह ने अहम भूमिका निभाई। दिग्गज खिलाड़ी ने शिवम से कहा था कि हर शॉर्ट बॉल को छक्का मारने की जरूरत नहीं है, जरूरत पड़े तो चौका या सिंगल लेना भी समझदारी है। इस सरल लेकिन असरदार सलाह ने उनके खेल में बड़ा बदलाव लाया और उन्हें एक सफल ऑलराउंडर बनने में मदद की।
बयान
करियर के शुरुआती दिनों में शिवम को होती थी काफी परेशानी
शिवम ने बताया कि करियर के शुरुआती दौर में शॉर्ट पिच गेंदों के खिलाफ उन्हें काफी परेशानी होती थी। उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स से कहा कि जब कोई बल्लेबाज किसी खास गेंद से जूझता है तो उसे लगता है कि इसका जवाब सिर्फ छक्का मारकर ही दिया जा सकता है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में आने के शुरुआती दिनों में शॉर्ट बॉल उनके लिए बड़ी चुनौती थी, लेकिन अपनी क्षमता को समझने के बाद उन्होंने इस कमजोरी पर जमकर मेहनत की।
सलाह
धोनी की सलाह शिवम के दिमाग में बैठ गई
शिवम ने बताया कि धोनी ने जो उन्हें हर गेंद पर छक्का नहीं मारने की सलाह दी थी। यह उनके दिमाग में बैठ गई और पारी की शुरुआत में बल्लेबाजी करते समय उनके रणनीति पर इसका साफ असर दिखा। शिवम साल 2022 से चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) का हिस्सा हैं और इस दौरान धोनी के साथ उनका मजबूत रिश्ता बना, जो आज भी कायम है। यह भारतीय ऑलराउंडर लंबे-लंबे छक्के लगाने के लिए जाना जाता है।
विश्व कप
शिवम बन गए हैं भारत के अहम खिलाड़ी
शिवम टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। मौजूदा विश्व कप में नीदरलैंड के खिलाफ भारत की जीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने सिर्फ 31 गेंदों में तेज 66 रन बनाए और गेंदबाजी में 2 विकेट भी लिए। इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। अब भारतीय टीम सुपर-8 चरण में कदम रख रही है, खिताब बचाने की चुनौती में शिवम की फॉर्म बेहद अहम मानी जा रही है।