Page Loader
महादेव सट्टेबाजी ऐप मामला: मुंबई पुलिस की SIT ने 3,000 पन्नों का आरोपपत्र दायर किया
महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले में 3,030 पन्नों का आरोपपत्र दायर

महादेव सट्टेबाजी ऐप मामला: मुंबई पुलिस की SIT ने 3,000 पन्नों का आरोपपत्र दायर किया

लेखन गजेंद्र
Apr 04, 2024
11:35 am

क्या है खबर?

महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले में महाराष्ट्र की मुंबई पुलिस के विशेष जांच दल (SIT) ने बुधवार को कोर्ट में 3,030 पन्नों का आरोपपत्र दायर कर दिया। फ्री प्रेस जनरल के मुताबिक, यह आरोपपत्र गिरफ्तार आरोपी दीक्षित कोठारी (27) के खिलाफ दायर किया गया है। कोठारी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। SIT ने आरोपपत्र में बताया कि कोठारी मुख्य रूप से "लोटसबुक 08" नामक एक सट्टेबाजी ऐप संचालित करता है। इसमें कुल 8 बैंकों के जरिए सट्टेबाजी हो रही थी।

आरोपपत्र

महादेव सट्टेबाजी ऐप से क्या है कनेक्शन?

पुलिस ने बताया कि कोठारी ने महादेव ऐप के जरिए भी सट्टेबाजी की थी और उसने इन सभी ऐप का यूजर आईडी और पासवर्ड लोगों को दिया था। इन ऐप के माध्यम से क्रिकेट और चुनाव में सट्टा लगाया जा रहा था। कोठारी करीब 5 साल से इस काम में लगा हुआ था। उसके बैंक लेन-देन की भी जांच चल रही है। पुलिस ने मामले में 30 अन्य को भी वांछित बनाया है, जिनकी जांच चल रही है।

विवाद

क्या है महादेव ऐप मामला?

महादेव अवैध सट्टेबाजी के लिए बनाए गए ऐप और वेबसाइट का नाम है। इससे कई खेलों पर सट्टा लगाया जा सकता था। यूजर व्हाट्सऐप के जरिए इन खेलों में पैसा लगा सकते थे। फिलहाल यह ऐप प्रतिबंधित है। करीब 5,000 करोड़ रुपये के इस घोटाले में शामिल रवि उप्पल गिरफ्तार है, जबकि सौरभ चंद्राकर दुबई में है। दोनों छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। मामले की जांच छत्तीसगढ़ और मुंबई पुलिस के अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी कर रही है।