मुंबई के विले पार्ले में रिहायशी इमारत की 11वीं मंजिल पर लगी आग, 2 की मौत
क्या है खबर?
मुंबई के विले पार्ले इलाके में मंगलवार देर रात को एक आवासीय इमारत की 11वीं मंजिल पर भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से 2 लोगों की मौत हुई है। आग रात 10 बजे बैपटिस्टा रोड पर सेंट जेवियर स्कूल के पास स्थित शांता भवन इमारत में लगी थी। मृतकों में एक 23 वर्षीय महिला अंकिता और ढाई साल का बच्चा अबीर शामिल है। हादसे में करीब 6 लोग घायल हो गए हैं।
आग
कैसे हुआ हादसा?
मुंबई पुलिस ने बताया कि 12 मंजिला इमारत में आग लगने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची टीम को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 3 घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।
आग करीब 4,000 वर्ग फुट के क्षेत्र में फैली हुई थी। उसने बिजली के तारों और उपकरणों, एयर कंडीशनर, घरेलू सामान, फर्नीचर, फॉल्स सीलिंग और रसोई को अपनी जद में ले लिया था।
हादसे का कारण प्रथम दृष्यया शॉर्ट-सर्किट मान रहे हैं।
अभियान
छत पर फंसे 15 लोगों को बचाया गया
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के बाद करीब 15 लोग छत पर भाग गए थे, जिनको सावधानी से उतारा गया। इस दौरान पूरी इमारत में धुआं भरा हुआ था।
बचाव अभियान के दौरान 6 लोग बेहोश भी हो गए। अंकिता और अबीर की मौत भी धुएं के कारण दम घुटने से हुई है। उनको अस्पताल में मृत घोषित किया गया है।
पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
ट्विटर पोस्ट
मुंबई में लगी आग
Watch | महाराष्ट्र: मुंबई के विले पार्ले पश्चिम में 12 मंजिला आवासीय इमारत में आग लगने से दो लोगों की मौत, छह घायल हो गए।
— यूनीवार्ता (@univartaindia1) August 12, 2026
आग मंगलवार देर रात (11 अगस्त) 11वीं मंजिल के दो फ्लैटों में लगी।#Maharashtra | #Mumbai | #VileParle | #MumbaiFire | #FireIncident | #ResidentialBuilding |… pic.twitter.com/GjotNq74A5
हादसा
कुर्ला में भूस्खलन से 2 की मौत
मुंबई के कुर्ला में बुधवार तड़के भारी बारिश के कारण एक चॉल में भूस्खलन होने से 2 लोगों की मौत हो गई।
हादसा घाटकोपर के चिराग नगर स्थित गौशिया चॉल में हुआ था, जहां पहाड़ी पर स्थित एक छोटी पहाड़ी का एक हिस्सा ढह गया और मलबा 2 से 3 घरों पर गिरा।
हादसे के बाद 6 से 7 लोग दब गए। अभी तक 2 लोगों के शव बरामद हुए हैं, बाकियों की तलाश जारी है।