Page Loader
फर्जी सिमकार्ड के सहारे व्यापारी को लगाई 3.3 करोड़ की चपत, पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

फर्जी सिमकार्ड के सहारे व्यापारी को लगाई 3.3 करोड़ की चपत, पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

Jul 15, 2019
05:42 pm

क्या है खबर?

मुंबई में एक व्पापारी साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो गया। जालसाज ने उसके खाते से 3.3 करोड़ रुपये उड़ा लिए। दरअसल, अमानतुल्लाह शेख नामक आरोपी ने फर्जी सिमकार्ड के जरिए व्यापारी के अकाउंट तक पहुंच बनाई। उसे फर्जी सिम पर ट्रांजेक्शन पूरा करने के लिए OTP मिले और उसने व्यापारी को 3.3 की चपत लगा दी। आरोपी ने व्यापारी के खाते से पैसे 7-9 जुलाई के बीच चुराए, जिसके बाद 12 जुलाई को व्यापारी ने पुलिस को शिकायत दी।

मामला

खुद को व्यापारी बताकर आरोपी ने खरीदा सिमकार्ड

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी शख्स के पास व्यापारी से जुड़ी अधिकतर जानकारियां जैसे मोबाइल नंबर और दूसरे दस्तावेज थे। आरोपी ने सिमकार्ड कंपनी को व्यापारी के दस्तावेज और खुद को व्यापारी के तौर पर पेश कर नई सिमकार्ड ले ली। आरोपी ने कंपनी को बताया कि व्यापारी ने अपना फोन खो दिया था और उसे नये नंबर की जरूरत है। पीड़ित व्यापारी स्कूली किताबों का प्रकाशक है। आरोपी को इसी सिमकार्ड पर OTP मिला।

गिरफ्तारी

पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

शेख को मुंबई साइबर पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शेख के पास व्यापारी की निजी दस्तावेज और अकाउंट डिटेल्स कैसे पहुंची। माना जा रहा है कि इस धोखाधड़ी में कई लोग शामिल हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक शख्स के लिए इतने बड़ी धोखाधड़ी को अंजाम देना बहुत मुश्किल काम है। शेख की गिरफ्तारी इस मामले की शुरुआत है।

जानकारी

आरोपी ने अपने खाते में ट्रांसफर किए 25 लाख

शेख ने व्यापारी के खाते से निकाले 3.3 करोड़ रुपये में से 25 लाख रुपये अपने खाते में ट्रासंफर कर लिए। पुलिस ने बताया कि इसके अलावा आरोपी ने 1.5 लाख रुपये का सोना खरीदा और चार लाख रुपये दूसरी चीजें खरीदने में खर्च किए।