Page Loader
मुंबई: BMC ने पहली बार पेश किया 50,000 करोड़ रुपये से अधिक का बजट
BMC ने 52,619.07 करोड़ रुपये का बजट पेश किया

मुंबई: BMC ने पहली बार पेश किया 50,000 करोड़ रुपये से अधिक का बजट

Feb 04, 2023
06:05 pm

क्या है खबर?

देश की सबसे अमीर महानगर पालिका मुंबई की बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने पहली बार 50,000 करोड़ रुपये से अधिक का बजट पेश किया है। BMC के कमिश्नर इकबाल सिंह चहल ने शनिवार को वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 52,619.07 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया, जो वित्त वर्ष 2022-23 की तुलना में 14.52 प्रतिशत अधिक है। गौरतलब है कि पिछले साल BMC ने 45,949.21 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था।

बयान

बजट को लेकर क्या बोले BMC कमिश्नर?

कमिश्नर चहल ने कहा, "BMC के इतिहास में यह पहली बार है कि बजट ने 50,000 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार किया है। बजट में पूंजीगत व्यय के लिए 27,247.80 करोड़ रुपये और राजस्व व्यय के लिए 25,305.94 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।" उन्होंने आगे कहा कि ऐसा पहली बार है कि कुल बजट का 52 प्रतिशत पूंजीगत व्यय पर और 48 प्रतिशत राजस्व व्यय पर खर्च किया जाएगा।

आवंटन

इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 27,247.80 करोड़ रुपये आवंटित

मुंबई में इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार के लिए 27,247.80 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इस धनराशि से कोस्टल रोड, सड़कों का सीमेंटीकरण, वाटर और सीवरेज टनल, अस्पतालों का विकास, गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड (GMLR) प्रोजेक्ट, मुंबई तटीय सड़क परियोजना (MCRP) का दूसरा चरण और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) समेत कई अन्य परियोजनाओं का कार्य किया जाएगा। वहीं मुंबई में प्रदूषण को नियंत्रण में लाने के लिए 150 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

स्वास्थ्य

स्वास्थ्य के लिए कुल बजट का 12 प्रतिशत आवंटित

BMC ने प्राथमिक शिक्षा के लिए 3347.13 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। बता दें कि BMC ने डिजिटल इंडिया अभियान के मद्देनजर अपने स्कूलों में 2,514 डिजिटल क्लासरूम बनवाए थे। इनकी संख्या में इजाफा करते हुए 13 साल अतिरिक्त डिजिटल क्लासरूम बनवाए जाएंगे। वहीं, स्वास्थ्य के लिए 6309.38 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जो BMC के कुल बजट का करीब 12 प्रतिशत है। इसके साथ ही 135 शिव योग केंद्रों का भी विकास किया जाएगा।

सौंदर्यीकरण

मुंबई में 1,729 करोड़ रुपये से होगा सौंदर्यीकरण

मुंबई में पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए BMC एक ऐप बनाएगी। ऐप के जरिए पता चल जाएगा कि शहर के किस हिस्से में कितनी पार्किंग स्पेस उपलब्ध है या नहीं। पार्किंग स्पेस की बुकिंग भी ऑनलाइन की जा सकेगी। इतना ही नहीं, शहर के सौंदर्यीकरण के लिए भी BMC ने 1,729 करोड़ रुपये का फंड जारी किया है। बता दें कि शहर में कई जगहों पर सौंदर्यीकरण का काम शुरू है।