मुंबई: मानसून 25 जून तक टला, पानी का संकट गहराया
मुंबई में मानसून के 10-11 जून के आसपास आने का अनुमान था, लेकिन अब इसमें देरी हो गई है। मौसम विभाग ने अब 25 जून के आसपास इसके पहुंचने की संभावना जताई है। दरअसल, 8 जून से मानसून महाराष्ट्र के तट पर आकर थम गया है, जिसकी वजह से इसके आगे बढ़ने में देरी हो रही है। पिछले कुछ दिनों से इसके आने के अनुमान लगातार बदलते रहे हैं। पहले मध्य जून तक बारिश की उम्मीद जताई गई थी, फिर ये तारीखें आगे बढ़ीं। अब सबकी निगाहें 25 जून पर टिकी हैं।
मुंबई को पानी देने वाली सात झीलें केवल 12.12 प्रतिशत भरी
मानसून में हो रही इस देरी से सिर्फ बारिश की कमी ही नहीं, बल्कि मुंबई की पानी की सप्लाई पर भी सीधा असर पड़ रहा है। 11 जून तक मुंबई को पानी पिलाने वाली सातों झीलें अपनी कुल क्षमता का महज 12.12 प्रतिशत ही भर पाई हैं। इसके अलावा, पूरे राज्य के बांधों का जलस्तर भी पिछले साल के मुकाबले काफी कम है। इन बढ़ती चिंताओं के बीच, महाराष्ट्र सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 31 अगस्त तक पीने के पानी को सबसे पहले प्राथमिकता दी जाए, ताकि लोग इस सूखे के दौर से बिना किसी बड़ी परेशानी के निकल सकें।