महाराष्ट्र में मानसून को लेकर बड़ी चेतावनी, अब तक हुई सिर्फ 26 प्रतिशत बारिश
महाराष्ट्र में मानसून ने इस साल धीमी गति से दस्तक दी है। 1 से 15 जून के बीच राज्य में केवल 26 प्रतिशत बारिश हुई है, जो सामान्य से काफी कम है। आमतौर पर इस अवधि में 103.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जाती है, लेकिन इस बार यह आंकड़ा सिर्फ 27.4 मिलीमीटर रहा। इस स्थिति को देखते हुए सरकार ने किसानों से फिलहाल खरीफ फसलों की बुवाई शुरू न करने की अपील की है। हालांकि, कई किसान अब भी अपने खेतों को बुवाई के लिए तैयारी कर रहे हैं और धान व बाजरे की नर्सरी लगा रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही अच्छी बारिश शुरू हो जाएगी।
कोकण में बारिश, विदर्भ में लू, कैबिनेट की चेतावनी
एक तरफ जहां कोकण और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की उम्मीद है, वहीं विदर्भ के कई इलाके अभी भी भीषण लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अनुसार, विदर्भ में यह लू का प्रकोप कम से कम 18 जून तक जारी रह सकता है। इस बीच, कैबिनेट की एक बैठक में अधिकारियों ने मानसून में देरी और जल भंडारों के लगातार घटते स्तर पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे पानी का बेहद सावधानी से इस्तेमाल करें, ताकि आने वाले समय में पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े।