दिल्ली में डेंगू के 162 मामले, मानसून ने बढ़ाई चिंता
दिल्ली में इस साल जून महीने तक डेंगू के 162 मामले सामने आ चुके हैं। यह ठीक वो समय है जब मानसून भी दस्तक दे रहा है। ऐसे समय में ही डेंगू जैसी मच्छर जनित बीमारियां ज्यादा फैलती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दे रहे हैं। उनका कहना है कि डेंगू में तेज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द जैसे लक्षण दिखते हैं और कई बार यह बीमारी गंभीर रूप भी ले सकती है।
डॉक्टरों की सलाह- पानी के ठहराव को करें दूर
डॉक्टर बताते हैं कि डेंगू से बचाव का सबसे सीधा तरीका है अपने आसपास पानी जमा न होने देना। खासकर कूलर, नालियों और गमलों में पानी जमा न होने दें। घर की साफ-सफाई का ध्यान रखें और अगर आप बीमार महसूस करते हैं, तो खुद डॉक्टर न बनें, तुरंत चिकित्सक से सलाह लें। डॉ. मुकेश बत्रा, जो डॉ. बत्राज हेल्थकेयर के संस्थापक और चेयरमैन एमेरिटस हैं, कहते हैं, "अगर बीमारी का समय पर पता चल जाए और सही इलाज मिल जाए, तो गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है और मरीज तेजी से ठीक हो सकता है।"
वे सभी लोगों से अपील करते हैं कि वे एक-दूसरे का ध्यान रखें, क्योंकि ऐसे मुश्किल समय में सामुदायिक सहयोग से ही हम इस बीमारी से बेहतर तरीके से निपट सकते हैं।