Page Loader
अमित शाह से बात के बाद मिजोरम के मुख्यमंत्री बोले- बातचीत से सुलझाएंगे सीमा विवाद
मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथंगा

अमित शाह से बात के बाद मिजोरम के मुख्यमंत्री बोले- बातचीत से सुलझाएंगे सीमा विवाद

Aug 01, 2021
12:32 pm

क्या है खबर?

मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथंगा ने कहा है कि असम के साथ जारी सीमा विवाद का बातचीत के जरिये हल निकाला जाएगा। उन्होंने मिजोरम के लोगों से स्थिति को तनावपूर्ण बनाने वाली भड़काऊ गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। जोरामथंगा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व सरमा के साथ हुई बातचीत में यह फैसला लिया गया है। मिजोरम हेमतं बिस्व सरमा के खिलाफ दर्ज FIR भी वापस ले सकता है।

पृष्ठभूमि

सोमवार को भड़की थी हिंसा

बीते सोमवार को असम-मिजोरम सीमा पर हिंसा भड़क गई थी। उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया और सरकारी वाहनों को नुकसान भी पहुंचाया। हिंसा के बीच हुई फायरिंग में असम पुलिस के छह जवानों की भी मौत हो गई थी। इसके बाद से दोनों राज्यों के बीच हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और सीमा पर भारी पुलिसबल तैनात है। दोनों राज्यों की पुलिस ने एक-दूसरे के अधिकारियों को समन जारी किए हैं।

बयान

शाह और सरमा के साथ टेलीफोन पर हुई थी बातचीत- जोरामथंगा

जोरामथंगा ने ट्विटर पर लिखा, 'केंद्रीय गृह मंत्री और असम के मुख्यमंत्री के साथ हुई टेलीफोनिक बातचीत में हम मिजोरम-असम सीमा विवाद का बातचीत के जरिये समाधान ढूंढने पर सहमत हुए हैं। इस बीच हालात को तनावपूर्ण होने से रोकने के लिए मैं मिजोरम के लोगों से संवेदनशील मैसेज पोस्ट न करने और सोशल मीडिया का सकारात्मक इस्तेमाल करने की अपील करता हूं।' मिजोरम ने सरमा के खिलाफ दायर FIR वापस लेने के भी संकेत दिए हैं।

जानकारी

मुख्य सचिव बोले- FIR पर होगा विचार

मिजोरम के मुख्य सचिव लालनुनमाविया चुआंगो ने कहा कि राज्य सरकार असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ दायर FIR पर विचार करेगी। चुआंगो ने कहा कि उन्हें और मुख्यमंत्री जोरामथंगा को इस बारे में पता नहीं था। अब मुख्यमंत्री ने उन्हें इस पर विचार करने को कहा है और वो संबंध में पुलिस अधिकारियों से बात करेंगे। बता दें कि मिजोरम के वेरेंगटे थाने में दर्ज की गई FIR में मुख्यमंत्री सरमा के साथ-साथ कई अधिकारियों के नाम शामिल हैं।

सीमा विवाद

असम ने भी मिजोरम के अधिकारियों को भेजे समन

इससे पहले असम ने मिजोरम के अधिकारियों को समन भेजकर धोलाई पुलिस थाने में बुलाया था ताकि 26 जुलाई को हुई घटना के बारे में पूछताछ की जा सके। असम पुलिस की तरफ से कोलासिब DC एच लालथलंगलियाना, SP वनलालफाका रालते, ASP डेविड जेबी, वेरेंगटे SDO सी लालरेमपुईया, SDPO थारटिया रंगचल और इंडिया रिजर्व बटालियन के ASP ब्रूस किब्बी को समन भेजकर 2 अगस्त को धोलाई पुलिस थाने में मौजूद रहने को कहा गया है।

जानकारी

सरमा ने नागरिकों को मिजोरम न जाने को कहा

शनिवार को खबर आई थी कि हेमंत बिस्व सरमा ने असम के लोगों से कहा है कि जब तक मिजोरम सरकार वहां के नागरिकों के पास मौजूद हथियार जब्त नहीं कर लेती, तब तक वहां न जाएं। उन्होंने कहा, "जब वहां आम लोगों के पास स्नाइपर और AK-47 राइफल्स हैं, आप लोगों को वहां जाने की इजाजत कैसे दे सकते हैं? मिजोरम सरकार को इन्हें जब्त करना चाहिए।" एक दिन पहले असम ने ट्रैवल एडवायजरी जारी की थी।