मणिपुर: उग्रवादियों ने सो रहे ग्रामीणों पर किया हमला, 3 की हत्या, 7 घर जलाए
क्या है खबर?
मणिपुर में रुक-रुककर हिंसा की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। बीती रात कांगपोकपी जिले के लोइबोल खुल्लेन गांव में एक संदिग्ध उग्रवादी हमले में 3 लोग मारे गए हैं। यह जानकारी राज्य में कुकी-जो जनजातियों का प्रतिनिधित्व करने वाली सर्वोच्च संस्था कुकी इनपी मणिपुर (KIM) ने दी है। यही नहीं, उग्रवादियों ने 7 घरों को भी आग के हवाले कर दिया है। साथ ही संपत्तियों को भारी नुकसान की भी खबर है।
हमला
सुबह 4 बजे हुआ हमला
KIM की ओर से जारी बयान के मुताबिक, शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे हथियारों से लैस उग्रवादियों ने लोइबोल खुल्लेन गांव पर हमला कर दिया। संगठन के मुताबिक, इस हमले में 3 नागरिकों की जान चली गई, 7 घर जलकर खाक हो गए और संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। संगठन ने आरोप लगाया है कि इस वारदात को NSCN-IM और उसके प्रॉक्सी संगठन ZUF (K) के कैडरों ने अंजाम दिया है।
मृतक
मृतकों के बारे में क्या पता है?
मृतकों की पहचान लोइबोल खुल्लेन निवासी लेटखोंगम हाओकिप, उनकी पत्नी टिनमैरी हाओकिप और जांगमिनलाल हाओकिप के रूप में हुई है। साउथ वेस्ट सदर हिल्स ने बताया कि मृतकों की उम्र क्रमशः 34, 30 और 34 साल थी। KIM ने घटना की निंदा करते हुए इसे निहत्थे नागरिकों के खिलाफ 'हिंसा का बर्बर कृत्य' बताया और कहा कि निर्दोष लोगों की जानबूझकर हत्या और घरों को नष्ट करना मानवीय गरिमा और मौलिक मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है।
बंधक
6 नागा बंधकों की रिहाई की मांग तेज
मणिपुर में जारी संकट के बीच 6 नागा नागरिकों के अपहरण का मुद्दा भी गरमा गया है। इनकी सुरक्षित वापसी के लिए लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। ऑल नागा स्टूडेंट्स एसोसिएशन (ANSAM) के अध्यक्ष टी एंग्टेशंग मारिंग ने बताया कि उनके संगठन ने बंधकों के समर्थन में एक एकजुटता मार्च शुरू किया है। इन 6 नागा नागरिकों का कथित तौर पर 13 मई को कई अन्य के साथ अपहरण किया गया था।
पुलिसकर्मी
पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला, मौत
एक अन्य घटना में मणिपुर के थोबल में एक ड्रग्स तस्कर ने पुलिस कमांडो खोइरोम सुरेश पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे पुलिसकर्मी की मौत हो गई। मामले में आरोपी मोहम्मद नाओबी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस कमांडो की एक टीम ने मोइजिंग खोंगकॉक इलाके में छापा मारकर मोहम्मद नाओबी और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया। जब पुलिस उनसे पूछताछ कर रही थी, तभी नाओबी ने पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया।