दिल्ली में अब टोल पर नहीं रुकना पड़ेगा, MCD ला रही AI-MLFF
दिल्ली के 154 सीमा बिंदुओं पर अब पुराने रुकने और पैसे देने वाले टोल बूथ खत्म होने वाले हैं। इसकी जगह दिल्ली नगर निगम (MCD) मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) सिस्टम शुरू करने जा रही है। इस व्यवस्था में टोल अपने आप कट जाएगा जिसके लिए गाड़ियों में RFID टैग लगे होंगे। साथ ही, लाइसेंस प्लेट को स्कैन करने के लिए कैमरे और AI सेंसर भी लगाए जाएंगे। इसका मुख्य मकसद है ट्रैफिक जाम को कम करना और हवा को साफ रखना है, क्योंकि गाड़ियों को लंबी लाइनों में खड़ा नहीं रहना पड़ेगा।
MCD ने की गैंट्री और RFID से जुर्माने की तैयारी
यह नया सिस्टम मौजूदा टोल बूथों से 200 मीटर पहले लगाया जाएगा। इसमें हर दिशा में कम से कम 2 ओवरहेड गैंट्री होंगी – एक प्राइमरी और दूसरी बैकअप। अगर आपके वाहन में एक्टिव RFID टैग नहीं होगा, तो आपको MCD के नियमों के हिसाब से जुर्माना देना पड़ सकता है। MCD को उम्मीद है कि इस नए सिस्टम से अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के दौरान करीब 4.26 करोड़ गाड़ियों (यानी सालाना लगभग 4.20 करोड़ गाड़ियां) के लिए यातायात की भीड़भाड़ कम होगी।