महाराष्ट्र: ठाणे में भाजपा सांसद हेमंत सावरा की कार और डंपर की आमने-सामने टक्कर, बाल-बाल बचे
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के ठाणे में शुक्रवार तड़के भाजपा सांसद हेमंत सवरा एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। भाजपा सांसद मुंबई से गुजरात जाने वाली सड़क पर गलत साइड से आ रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही डंपर ने घोड़बंदर रोड पर उनकी कार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार के एयरबैग खुल गए, जिससे सांसद की जान बच गई। हालांकि, उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसा
गलत साइड से आ रहे थे सांसद
सांसद की कार मुंबई-गुजरात रोड पर थी, जबकि डंपर मुंबई लेन से आ रहा था। तभी दोनों की आमने-सामने टक्कर हुई। सांसद का कहना है कि वह महाराष्ट्र दिवस के मौके पर 1 मई के कार्यक्रम के लिए पालघर जा रहे थे, मुंबई-गुजरात रोड पर ट्रैफिक जाम था, इसलिए उन्होंने यातायात पुलिस को सूचित कर गाड़ी को गलत साइड से निकाला। उन्होंने बताया कि डंपर चालक मोबाइल पर बात कर रहा था, इसलिए उसने गाड़ी को सामने टक्कर मार दी।
जांच
2 दिन पहले बीड सांसद का वाहन भी हुआ था दुर्घटनाग्रस्त
पालघर सांसद की कार हादसे की सूचना मिलती ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। डंपर चालक के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। बता दें, 2 दिन पहले बीड सांसद बजरंग सोनवणे की कार को दोपहिया वाहन चालक ने पीछे से टक्कर मार दी थी। घटना बीड से कागे जाते समय हुआ था। हादसे के समय उनका काफिला मस्साजोग बस स्टैंड के पास रुका था। दोपहिया वाहन चालक को हल्की चोट आई है। सांसद की कार का पिछला शीशा टूटा था।