LPG संकट: गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें, लखनऊ में गोदामों पर छापे, 6 गिरफ्तार
क्या है खबर?
ईरान युद्ध के चलते देशभर में रसोई गैस की किल्लत बढ़ती जा रही है। कई राज्यों से गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी लाइनों में खड़े लोगों की तस्वीरें सामने आ रही हैं। छत्तीसगढ़ में रेस्तरां ने 10 प्रतिशत अतिरिक्त पैसे वसूलना शुरू कर दिया है। बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की कमी के बीच होटलों ने चूल्हे पर खाना बनाना शुरू कर दिया है।
कतारें
गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें
दिल्ली, पश्चिम बंगाल, बिहार, राजस्थान समेत लगभग हर राज्य में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी लाइनें देखी जा रही हैं। दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखी गईं। यहां पुलिस भी तैनात हैं। उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में लोग रात से ही सिलेंडर के लिए लाइन लगाए खड़े रहे। छ्त्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर समेत सभी बड़े शहरों में सुबह से ही गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर लोगों की भीड़ है।
लखनऊ
लखनई में 24 FIR, 6 गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए लखनऊ में 1,483 स्थानों पर छापेमारी की है। इस दौरान 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया। आधिकारिक बयान के अनुसार, ये छापेमारी जिला प्रशासन के समन्वय से की गई और इस दौरान 24 FIR भी दर्ज हुई। अधिकारियों ने कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में गैस एजेंसी के बाहर लोगों ने हंगामा किया है।
तमिलनाडु
इलेक्ट्रिक स्टोव इस्तेमाल करने पर बिजली में छूट देगी तमिलनाडु सरकार
तमिलनाडु सरकार ऐसी होटलों, चाय की दुकानों, क्लाउड किचन और अन्य भोजनालयों को बिजली बिल पर 2 रुपये प्रति यूनिट की छूट देगी, जो LPG सिलेंडरों के बजाय इलेक्ट्रिक स्टोव का इस्तेमाल करेंगे। यह सब्सिडी तब तक मिलेगी, जब तक LPG की कमी बनी रहेगी। सरकार ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य खाद्य व्यवसायों को ईंधन की बढ़ती कमी से निपटने और आपूर्ति में मौजूदा व्यवधान के बीच संचालन जारी रखने में मदद करना है।
गुजरात
गुजरात सरकार रेस्तरां को तुरंत देगी PNG कनेक्शन
गुजरात सरकार ने रेस्तरां, होटल, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक-धार्मिक संस्थानों को तत्काल नए PNG कनेक्शन उपलब्ध कराने का ऐलान किया है। इस कदम का उद्देश्य इन प्रतिष्ठानों में खाना पकाने और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने कहा कि इस निर्णय से संस्थानों को एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भरता कम करके सुचारू रूप से संचालन जारी रखने में मदद मिलेगी। इसके लिए होटलों-संस्थानों को आवेदन करना होगा।
छापे
देशभर में कालाबाजारी रोकने के लिए छापे
पुणे प्रशासन ने कासरवाड़ी में भारत गैस एजेंसी से जुड़े एक गोदाम से 100 से ज्यादा घरेलू LPG सिलेंडर जब्त किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से 57 पूरी तरह भरे हुए थे। उत्तराखंड में भी पुलिस ने 78 जगह छापे मारकर 4 लोगों पर FIR दर्ज की है और एक को गिरफ्तार किया है। राजस्थान के धौलपुर में एक कैटरर के पास से 81 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। कर्नाटक, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़ में भी छापेमार कार्रवाई हुई है।
सरकार
सरकार बोली- घरेलू गैस उत्पादन 30 प्रतिशत बढ़ा
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा कि 5 मार्च से अब तक घरेलू गैस उत्पादन में 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। सरकार ने बताया कि इस समय 75 लाख के करीब सिलेंडर बुक हो रहे हैं, जो युद्ध से पहले 55 लाख थे। लोग घबराहट में सिलेंडर बुक कर रहे हैं। सरकार ने PNG नेटवर्क के करीब रहने वाले 60 लाख परिवारों से इस सुविधा को अपनाने का अनुरोध किया है।