बॉक्स ऑफिस: 'भारत भाग्य विधाता', 'हॉन्टेड 3D' और 'मैं वापस आऊंगा' में कौन निकला आगे?
क्या है खबर?
बॉक्स ऑफिस पर इस वीकेंड बॉलीवुड फिल्मों का सैलाब आया है। कंगना रनौत की फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' रिलीज हुई और दर्शकों पर खास छाप छोड़ रही है। इसके साथ दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' रिलीज हुई है, जिसमें वेदांग रैना और शरवरी जैसे सितारे हैं। मिमोह चक्रवर्ती की हॉरर फिल्म 'हॉन्टेड 3D' भी 12 जून को रिलीज हुई है, और मनोज बाजपेयी की फिल्म 'गर्वनर' भी। चलिए जानते हैं कि वीकेंड पर कौन किसपर भारी पड़ी है।
कलेक्शन
'भारत भाग्य विधाता' से आगे निकली 'मैं वापस आऊंगा'
सैकनिल्क के मुताबिक, 'भारत भाग्य विधाता' ने तीसरे दिन, रविवार को 1.80 करोड़ रुपये कमाए हैं। इसने बॉक्स ऑफिस पर 1 करोड़ रुपये से अपना खाता खोला था और दूसरे दिन 1.45 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह 3 दिनों में फिल्म महज 4.25 करोड़ रुपये बटोर पाई है। इम्तियाज अली द्वारा निर्देशित और दिलजीत द्वारा अभिनीत फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' ने धीमी शुरुआत के बावजूद तीसरे दिन 2.50 करोड़ रुपय कमाए। इसका कुल कलेक्शन 5.50 करोड़ रुपये हो गया है।
टक्कर
हॉरर फिल्म 'हॉन्टेड 3D' का जादू, पड़ी सब पर भारी
विक्रम भट्ट अपनी हॉरर फिल्मों के जरिए कई साल से दर्शकों का मनोरंजन करते आ रहे हैं। उनकी हालिया रिलीज फिल्म 'हॉन्टेड 3D' भी कुछ ऐसा करते दिख रही है और अपने आगे रिलीज हुई हर फिल्म पर भारी पड़ रही है। इसने तीसरे दिन 4.25 करोड़ कमाते हुए कुल 9.35 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार कर लिया है। हालांकि, मनोज बाजपेयी की फिल्म 'गर्वनर' ने तीसरे दिन 1.40 करोड़ रुपये कमाए। इसका कुल कलेक्शन 3.45 करोड़ रुपये हुआ है।