ब्रिटेन में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर लगेगा प्रतिबंध
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया समेत कुछ अन्य देशों के बाद ब्रिटेन भी 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी में है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर जल्द नई ऑनलाइन सुरक्षा योजना पेश कर सकते हैं। प्रस्तावित नियमों के तहत टिक-टॉक, स्नैपचैट और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर बच्चों की पहुंच सीमित की जा सकती है। सरकार का कहना है कि बच्चों को ऑनलाइन खतरों से बचाने के लिए यह कदम जरूरी माना जा रहा है।
सख्ती
लाइवस्ट्रीम और गेमिंग चैट पर भी सख्ती की तैयारी
नई योजना के तहत 16 साल से कम उम्र के बच्चों को कुछ वेबसाइटों पर लाइवस्ट्रीम करने से रोका जा सकता है। इसके अलावा, गेमिंग ऐप्स पर अजनबियों से बातचीत करने पर भी रोक लगाने पर विचार किया जा रहा है। सरकार सोशल मीडिया कर्फ्यू, मजबूत उम्र सत्यापन और AI चैटबॉट के इस्तेमाल पर नियंत्रण जैसे उपायों पर भी चर्चा कर रही है। बताया जा रहा है कि यह योजना ऑस्ट्रेलिया के मॉडल से भी ज्यादा सख्त हो सकती है।
समर्थन
अभिभावकों का मिला समर्थन
सरकार ने इस मुद्दे पर तीन महीने तक लोगों की राय ली थी। इस दौरान करीब 1.16 लाख जवाब मिले। सर्वे में शामिल लगभग 90 प्रतिशत अभिभावकों ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्रतिबंध का समर्थन किया। कई लोगों ने बच्चों को ऑनलाइन लत लगाने वाले फीचर्स, जैसे ऑटोप्ले और अनंत स्क्रॉल, पर भी सख्ती की मांग की। सरकार का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है।
चिंता
कुछ विशेषज्ञों ने जताई चिंता
कई बाल अधिकार संगठनों और विशेषज्ञों ने इस योजना पर चिंता भी जताई है। उनका कहना है कि सिर्फ प्रतिबंध लगाने से समस्या पूरी तरह खत्म नहीं होगी। कुछ लोगों का मानना है कि बच्चों को सोशल मीडिया से दूर करने के बजाय कंपनियों को अपने प्लेटफॉर्म ज्यादा सुरक्षित बनाने चाहिए। विशेषज्ञों ने यह भी कहा कि प्रतिबंध लगने पर बच्चे दूसरे ऑनलाइन माध्यमों की ओर जा सकते हैं, जिससे नई चुनौतियां पैदा हो सकती हैं।