नोएडा हवाई अड्डे पर पहुंची पहली फ्लाइट, वाटर कैनन से ऐसे हुआ स्वागत
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का परिचालन सोमवार को पूरी तरह शुरू हो गया है। यहां लखनऊ से इंडिगो की उड़ान नोएडा हवाई अड्डे पहुंची, जिसका स्वागत किया गया। इंडिगो की उड़ान 6E-2278 ने सोमवार को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सुबह 6:55 पर रवाना हुई थी और सुबह 7:55 बजे नोएडा में उतरी। वापसी की उड़ान 6E-2279, शाम 6:55 बजे नोएडा से रवाना होगी और रात 8 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
स्वागत
ऐसे हुआ स्वागत
जैसे ही विमान हवाई अड्डे पर उतरा, अंदर मौजूद यात्रियों ने तालियां बजाई और विमान का वाटर कैनन से स्वागत किया गया। मंगलवार 16 जून से अकासा एयर नोएडा से बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए दैनिक सेवाएं शुरू करेगी, जिससे यह हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाली दूसरी एयरलाइन बन जाएगी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (NIAL) द्वारा हवाई अड्डे की पहली कार्गो उड़ान बुधवार 17 जून को रवाना होगी। यह कार्गो सेवा घरेलू मार्ग पर संचालित होगी।
ट्विटर पोस्ट
उड़ान का स्वागत
उत्तर प्रदेश : जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कमर्शियल फ़्लाइट्स शुरू. #NewsLeader #Jewar_ki_Udaan pic.twitter.com/5p6pLlNtLr
— News Leader (@NewsLeaderLive) June 15, 2026
उद्घाटन
28 मार्च को हुआ था उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को हवाई अड्डे का उद्घाटन किया था, जिसके बाद सोमवार से वाणिज्यिक विमानों की आवाजाही शुरू हुई है। हवाई अड्डा शुरू होने से नोएडा और लखनऊ के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को दिल्ली तक यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। नोएडा हवाई अड्डे पर उतरने से अलीगढ़ समेत अन्य आसपास के जिलों के लोगों को भी सहूलियत मिलेगी। उत्तर प्रदेश सरकार ने नोएडा हवाई अड्डे तक पहुंचने के लिए इलेक्ट्रिक बसें भी शुरू की हैं।