फारस की खाड़ी में जहाज पर हमला, एक भारतीय समेत चालक दल के 4 सदस्य घायल
क्या है खबर?
फारस की खाड़ी में लाइबेरिया के झंडे वाले जहाज 'MT फुजैराह एनर्जी' पर हमला हुआ है। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि इस हमले में एक भारतीय नाविक घायल हो गया है। ये जहाज अल-रुवाइस से दुबई जा रहा था, तभी उस पर किसी अज्ञात वस्तु से हमला हुआ। सोनोवाल के मुताबिक, जहाज पर चालक दल के सदस्यों में 6 भारतीय थे, जिनमें से एक को चोट आई है, जबकि बाकी 5 सुरक्षित हैं।
बयान
सोनोवाल बोले- जहाज पर सवार सभी भारतीय सुरक्षित
सोनोवाल ने कहा, '10 नवंबर को लाइबेरिया के झंडे वाले 'MT फुजैराह एनर्जी' पर अल रुवाइस से दुबई जाते समय फारस की खाड़ी में एक प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ। इस जहाज पर 6 भारतीय नाविक सवार थे। इस हमले में चालक दल के 4 सदस्य घायल हो गए, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। उसे मामूली चोटें आई हैं। चालक दल के बाकी 18 सदस्य, जिनमें अन्य 5 भारतीय नाविक भी शामिल हैं, सुरक्षित हैं।'
हमले
नवंबर में अब तक 10 जहाजों पर हमले
वाशिंगटन इंस्टीट्यूट फॉर नियर ईस्ट पॉलिसी के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में होर्मुज जलडमरूमध्य और आसपास के जलमार्गों में 37 जहाजों पर हमले हुए हैं। यह युद्ध शुरू होने के बाद से एक महीने में हमलों का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
वहीं, नवंबर में अब तक 10 जहाजों को निशाना बनाया गया है।
8 नवंबर को ईरान ने बताया था कि होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास 3 जहाजों पर हमले हुए थे।