कुलगाम हमला: बाइक सवार नहीं थे आतंकी, पिछले हमलों से मिलते-जुलते कारतूस बरामद
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए आतंकी हमले की जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियों ने घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए हैं। इनकी जांच के बाद माना जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर में हालिया 3 आतंकी हमलों में एक ही तरह के हथियारों का इस्तेमाल हुआ है। ऐसा इसलिए क्योंकि घटनास्थल से बरामद कारतूसों के निशान एक जैसे पैटर्न दिखाते हैं, जो हमलों के बीच संभावित संबंध की ओर इशारा करते हैं।
रिपोर्ट
सुरक्षाबलों का मानना- केवल एक ही बड़ा आतंकी सक्रिय
न्यूज18 ने सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया कि एजेंसियां अब तीनों हमले में संभावित संबंध की जांच कर रही हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने हाल ही में क्षेत्र में सक्रिय कई प्रमुख आतंकवादियों को मार गिराया है और माना जा रहा है कि अब केवल एक ही प्रमुख आतंकवादी ही बचा है। सुरक्षाबलों को उम्मीद है कि उसे भी जल्द ही मार गिराया जाएगा।
वहीं, तीनों घायल जवान सुरक्षित हैं और खतरे से बाहर हैं।
बाइक
बाइक पर सवार नहीं थे हमलावर
पहले खबर थी कि बाइक सवार हमलावरों ने गोलीबारी को अंजाम दिया था। हालांकि, कुलगाम के SSP अनायत अली चौधरी ने BBC से बात करते हुए इन दावों को खारिज किया है। उन्होंने कहा, "जो खबर चल रही है, वह गलत है।"
रिपोर्ट में कहा गया है कि जांचकर्ताओं को शक है कि मुख्य हमलावर ने फिरन पहन रखा था। घाटी के लोग ठंड से बचने के लिए कपड़ों के ऊपर फिरन पहनते हैं। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
हमला
जंगल से आए आतंकियों ने की थी गोलीबारी
11 नवंबर को कुलगाम के मीर बाजार इलाके के पास दोपहर करीब 2 बजे CRPF जवानों पर गोलीबारी हुई थी। इसमें हेड कॉन्स्टेबल सोनबीर सिंह और कॉन्स्टेबल संतनो चंद्रा और राकेश दास घायल हो गए थे।
समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, भारी हथियारों से लैस 2 आतंकी जंगलों से आए और जवानों पर गोलीबारी कर दोबारा जंगलों की ओर भाग गए।
ये इलाका श्रीनगर से लगभग 75 किलोमीटर और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से एक किलोमीटर दूर है।
लश्कर आतंकी
लश्कर कमांडर का हाथ होने का शक
एजेंसियों को शक है कि इस हमले में प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट का हाथ है। हालांकि, हमलावरों की पहचान के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
वहीं, 'पासदारान-ए-हुर्रियत' नाम के एक नए संगठन ने सोशल मीडिया पर इस हमले की जिम्मेदारी ली है। हालांकि,अधिकारियों ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है।
घटनास्थल से एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया गया है।