LOADING...
केतन अग्रवाल हत्याकांड: चेतन-सिया ने 6 महीने में 2,000 बार एक-दूसरे को किए फोन
पुणे हत्याकांड में आरोपी और सिया के बीच बातचीत

केतन अग्रवाल हत्याकांड: चेतन-सिया ने 6 महीने में 2,000 बार एक-दूसरे को किए फोन

लेखन आबिद खान
Jun 24, 2026
05:35 pm

क्या है खबर?

पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या की जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी- सिया गोयल और चेतन चौधरी लगातार एक दूसरे के संपर्क में थे। पुलिस का कहना है कि दोनों के कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल माध्यम से हुई बातचीत ने ही जांचकर्ताओं को सुनियोजित साजिश का खुलासा करने में मदद की है। पुणे पुलिस के अनुसार, सिया और चेतन लगभग 3 साल से संपर्क में थे।

पुलिस

6 महीने में 2,000 बार एक-दूसरे को किए फोन

न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, चेतन और सिया ने इस साल जनवरी से जून के बीच एक दूसरे को 2,004 बार फोन किए। जांच से पता चला कि उन्होंने 6 महीने में कुल 238 घंटे एक-दूसरे से बात की। महाराष्ट्र पुलिस सूत्रों ने बताया कि बार-बार फोन कॉल और दोनों के बीच देर तक होती रही बातचीत ने आरोपियों के बीच संबंधों और केतन की मौत में उनकी संलिप्तता को लेकर शक को और गहरा किया।

संपर्क

सोशल मीडिया पर नियमित संपर्क में थे आरोपी- पुलिस

जांचकर्ताओं के अनुसार, सिया और चेतन फोन कॉल, व्हाट्सएप कॉल, फेसटाइम और अन्य सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए नियमित संपर्क में रहते थे। समाचार एजेंसी PTI ने एक जांच अधिकारी के हवाले से कहा, "हमें दोनों के बीच लंबी अवधि में हजारों कॉल का आदान-प्रदान मिला, जिनमें कई बातचीत घंटों तक चलीं। तकनीकी जांच ने दोनों के बीच घनिष्ठ संबंध स्थापित किया और एक सोची-समझी साजिश की ओर इशारा किया।"

Advertisement

हत्या

16-17 जून को बनी थी केतन की हत्या की योजना

पुलिस सूत्रों ने बताया कि केतन की हत्या की साजिश को 16-17 जून को अंतिम रूप दिया गया था। सिया 18 जून को केतन को लोहागढ़ किले में ले गई और चेतन पहले ही वहां पहुंच चुका था। पुलिस का कहना है कि एक सुनसान जगह की पहचान करने के बाद चेतन ने केतन पर हमला किया और उसे नीचे धकेल दिया। चेतन लोकेशन ट्रैकिंग से बचने के लिए अपना मोबाइल जानबूझकर साथ नहीं ले गया।

Advertisement

शादी

सिया ने कही थी शादी टालने की बात

केतन के परिवार के अनुसार, सिया शादी को लेकर संकोच जता चुकी थी और एक बार शादी टालने की बात भी कह चुकी थी। वहीं, जब पुलिस ने चेतन से पूछा कि सिया और उसने भागकर शादी क्यों नहीं की। इस पर उसने कहा कि सिया सगाई तोड़कर भागने के पक्ष में नहीं थी। उसे लगता था कि इससे उसके परिवार की बदनामी होगी। बता दें कि फिलहाल सिया और चेतन दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisement