अमेरिका ने ईरान के खिलाफ नाकाबंदी मजबूत की, होर्मुज के आसपास 20 से अधिक युद्धपोत तैनात
क्या है खबर?
अमेरिका ने ईरान की नई शर्तों के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास नाकाबंदी और मजबूत कर दी है। अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने सोमवार को बताया कि उसने मध्य पूर्व में 20 से अधिक युद्धपोत तैनात किए हैं, जिसमें अमेरिकी नौसेना के विध्वंसक पोत USS रॉस पर सवार नाविक भी क्षेत्र में तैनात बलों में शामिल हैं। यह तैनाती तब हुई है, जब ईरान शर्तों के पालन पर होर्मुज खोलने पर सहमत हो गया है।
तैनाती
9 अगस्त तक 55 वाणिज्यिक जहाजों का रास्ता बदला
CENTCOM ने एक्स पर बताया कि अमेरिकी नौसैनिक USS रॉस (DDG 71) पर पहरा दे रहे हैं। रॉस उन 20 से ज़्यादा अमेरिकी युद्धपोतों में से एक है, जिन्हें मध्य पूर्व में सैन्य मिशनों के लिए तैनात किया गया है।
CENTCOM ने बताया कि वह ईरान के खिलाफ अमेरिकी नाकेबंदी को सख्ती से लागू करने में जुटा है और 9 अगस्त तक 55 वाणिज्यिक जहाजों का रास्ता बदला है, 2 को नष्ट किया और 2 पर चढ़कर कार्रवाई की है।
शर्त
ईरान ने ये नई शर्तें रखी हैं सामने
ईरान के शीर्ष राष्ट्रीय सुरक्षा निकाय के सचिव मोहम्मद बाकर ज़ोलक़द्र ने होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए अमेरिका के सामने नई शर्तें रखी हैं।
इसमें अमेरिका से अरबों डॉलर के भुगतान, सैनिकों की वापसी और नाकाबंदी समाप्ति, अमेरिका की और धमकियों को समाप्त करने, ईरान और उसके क्षेत्रीय सहयोगियों के खिलाफ आक्रामकता रोकना शामिल है।
बताया जा रहा है कि होर्मुज को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत अंतिम चरण है, जो मध्यस्थ के जरिए हो रही है।
बातचीत
होर्मुज को लेकर बातचीत जारी
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने रविवार को कहा कि होर्मुज पर ओमान के साथ समझौता अंतिम चरण में है।
तेहरान ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग को फिर से खोलना अमेरिका द्वारा कई शर्तों को पूरा करने पर निर्भर करेगा।
एक अमेरिकी अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि अगर बिना किसी बाधा के वाणिज्यिक जहाजरानी बहाल करने के लिए समझौते की घोषणा होती है तो, वाशिंगटन ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी हटा लेगा।