केरलम में 75 प्रतिशत निजी बसों के बंद होने का खतरा, जानिए क्या है कारण
केरलम में नई 'प्रियदर्शिनी' योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत महिलाएं और ट्रांसजेंडर व्यक्ति सरकारी केरलम राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। यात्रियों को सस्ती और सुलभ यात्रा देने के मकसद से यह पहल हुई है। हालांकि, इस फैसले से निजी बस ऑपरेटर बिल्कुल खुश नहीं हैं। उनका कहना है कि सोमवार को योजना शुरू होने के बाद से उनके यात्रियों की संख्या बहुत कम हो गई है, जिससे उनकी कमाई पर काफी असर पड़ा है।
केरलम के निजी बस ऑपरेटरों ने दी 75 प्रतिशत बसें बंद हाेने की चेतावनी
निजी बस ऑपरेटर फेडरेशन के महासचिव हम्सा ने चेतावनी दी है कि अगर मौजूदा हालात नहीं सुधरे, तो 30 जून तक लगभग 75 प्रतिशत निजी बसें सड़कों से हट सकती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने इस फैसले से पहले उनसे कोई बातचीत नहीं की। उनका कहना है कि सरकार की ओर से दी जा रही मामूली टैक्स छूट से उनकी मुश्किलें दूर नहीं होंगी। उनकी मांग है कि KSRTC की तरह उन्हें भी सरकार से सीधा वित्तीय सहयोग मिले। मुख्यमंत्री ने उन्हें मदद का भरोसा दिया है।