ज्ञानेश कुमार से जुड़े 20 साल पुराने मामले की जांच कराएगी केरलम सरकार, क्या हैं आरोप?
क्या है खबर?
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार अब नए विवाद में घिर गए हैं। SIR की प्रक्रिया में गड़बड़ी और चुनाव आयुक्तों में मतभेद वाली रिपोर्टों के बीच अब ज्ञानेश से जुड़े पुराने मामले भी सामने आ रहे हैं। केरलम सरकार ने 2006 के एक मामले में ज्ञानेश के खिलाफ विजिलेंस जांच के आदेश दिए हैं। यह मामला राज्य के लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव के तौर पर उनके कार्यकाल के दौरान हुई कथित अनियमितताओं से जुड़ा है।
आरोप
ज्ञानेश पर भ्रष्टाचार के आरोप
इस मामले में नई शिकायत मलयानकिझु वेणुगोपाल की ओर से की गई है।
आरोप है कि 2006 में PWD सचिव रहते हुए ज्ञानेश ने केरलम स्टेट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट (KSTP) के तहत सड़क निर्माण के ठेके देने में भारी गड़बड़ी और वित्तीय कदाचार किया।
विवाद बढ़ने के बाद ज्ञानेश को PWD सचिव पद से हटा दिया गया था। उस समय भी जांच हुई थी, लेकिन शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच को बिना निष्कर्ष बंद कर दिया गया।
आत्महत्या
मलेशियाई इंजीनियर ने सुसाइड नोट में लिखा था ज्ञानेश का नाम
मामला वित्तीय हेराफेरी के साथ-साथ एक मलेशियाई इंजीनियर ली सी बीन की आत्महत्या से भी जुड़ा है। बीन केरल राज्य परिवहन परियोजना के तहत MC रोड के अपग्रेडेशन में शामिल PATI-BEL कंसोर्टियम से जुड़े थे। उन्होंने 2006 में कुआलालंपुर में आत्महत्या कर ली थी।
बीन ने सुसाइड नोट में ज्ञानेश का नाम लिखा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि भारतीय अधिकारियों उन्हें भ्रष्टाचार और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
आदेश
गृह मंत्री ने दिए जांच के आदेश
केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने विजिलेंस निदेशक को निर्देश दिए हैं कि वे ज्ञानेश से जुड़े मामले में बाहरी प्रभाव के आरोपों की गहन जांच करें और नतीजों के आधार पर उचित कार्रवाई करें।
समाचार एजेंसी PTI ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से कहा कि विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन ब्यूरो (VACB) इन आरोपों की जांच करेगा।
अगर जांच में आरोप साबित होते हैं तो ज्ञानेश एक नए विवाद में घिर सकते हैं।
SIR
SIR को लेकर विपक्ष CEC पर हमलावर
दरअसल, एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि 2 चुनाव आयुक्तों ने चुनाव आयोग के कई फैसलों पर आपत्ति जताई है। इसके बाद से ज्ञानेश विपक्ष के निशाने पर हैं। उनके इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली मुंबई समेत कई शहरों में प्रदर्शन हो रहे हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस समेत कई विपक्षी पार्टियां ज्ञानेश के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं।