बेंगलुरु में पाकिस्तान गैंग से जुड़ा युवक गिरफ्तार, फोन में मिले हथियारों के फोटो
कर्नाटक पुलिस ने बेंगलुरु के पास 25 साल के सैयद अबूबकर को गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि पिछले 2 सालों से वह इंस्टाग्राम के जरिए एक ऐसे अकाउंट के संपर्क में था, जिसके तार पाकिस्तान की एक गैंग से जुड़े होने का शक है।
यह ग्रुप बड़े और खास लोगों को ब्लैकमेल करने के लिए जाना जाता है। जानकारी के मुताबिक, अबूबकर ने अपने आधार की जानकारी भी इस ग्रुप के साथ शेयर की थी। वह उन रील्स को भी देखता था जिनमें पाकिस्तान से जुड़े गैंगस्टर दिखाई देते थे।
अबुबकर के फोन में बंदूक की तस्वीरें मिलीं
पुलिस ने बताया है कि अबूबकर के फोन में बंदूक की तस्वीरें मिली हैं। इससे पुलिस को शक है कि उसकी हथियारों में काफी दिलचस्पी हो सकती है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि केरलम और दिल्ली की उसकी यात्राएं कहीं किसी ट्रेनिंग के लिए तो नहीं थीं।
भारतीय न्याय संहिता के तहत उस पर कई मामले दर्ज किए गए हैं। उसका फोन जब्त कर लिया गया है और पुलिस उसके बाकी संपर्कों की भी गहराई से जांच कर रही है।