कर्नाटक: बेकाबू ट्रक ने मचाई तबाही, 4 की मौत और दर्जनों घायल
देश
कर्नाटक के विजयनगर जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लहसुन से भरी एक ट्रक बेकाबू होकर पहले एक कार से टकराई, फिर एक सरकारी बस और कम से कम तीन मोटरसाइकिलों को रौंदती चली गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम चार लोगों की जान चली गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक मौके पर ही पलट गई और कार को करीब 100 मीटर तक घसीटती हुई ले गई। इस घटना की वजह से हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
सरकारी बस के यात्रियों को चोटें, पुलिस ने दर्ज किया केस
हादसे का शिकार हुई सरकारी बस में सवार करीब 25 यात्रियों को चोटें लगीं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। साथ ही, उसी ट्रक ने थोड़ी देर पहले पास ही में दो मोटरसाइकिलों को भी टक्कर मारी थी, जिसमें तीन और लोग घायल हो गए थे। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह दर्दनाक हादसा आखिर कैसे हुआ। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।