झारखंड प्रदर्शन: AISA अध्यक्ष नेहा बोरा पर स्याही फेंकी, भूख हड़ताल पर बैठे छात्र की तबीयत बिगड़ी
क्या है खबर?
झारखंड में JPSC रद्द करने की मांग को लेकर छात्रों के प्रदर्शन का आज 14वां दिन है। छात्रों के समर्थन में शुक्रवार को अखिल भारतीय छात्र संघ (AISA) के कार्यकर्ता विधानसभा घेरने निकले। इस दौरान AISA अध्यक्ष नेहा बोरा पर एक युवक ने स्याही फेंक दी। वहीं, अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे एक छात्र की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। आइए आज के बड़े घटनाक्रम जानते हैं।
छात्र
भूख हड़ताल पर बैठा छात्र बेहोश
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के विनय मेहता ने बताया कि भूख हड़ताल पर बैठे राहुल क्रांति को सुबह करीब 9 बजे रांची जिला अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने कहा, "राहुल 4 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। कल रात तक उनकी तबीयत ठीक थी, लेकिन आज सुबह उन्हें अस्वस्थ महसूस हुआ। वे सिर्फ पानी पी रहे थे।"
फिलहाल राहुल का इलाज अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में चल रहा है।
स्याही
बोरा पर स्याही फेंकने वाला युवक हिरासत में
बोरा पर स्याही फेंकने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़ा है।
घटना के बाद बोरा ने कहा, "मैं स्याही फेंकने से डरने वाली नहीं हूं, क्योंकि दिल्ली के विरोध प्रदर्शन के दौरान मैंने पेलेट गन और लाठीचार्ज का सामना किया था। क्या उन्हें लगता है कि स्याही से देश भर के छात्रों और युवाओं का गुस्सा शांत हो जाएगा?"
वार्ता
छात्र और सरकार की बातचीत अटकी
प्रदर्शन के बीच सरकार और छात्रों में बातचीत को लेकर खास प्रगति नहीं हुई है। छात्रों का कहना है कि उन्हें राज्य सरकार से मांगों पर चर्चा करने के लिए कोई औपचारिक निमंत्रण नहीं मिला है।
वहीं, सरकार ने छात्रों के प्रतिनिधिमंडल में पूर्व महाधिवक्ता के होने पर आपत्ति जताई है। सरकार ने कहा कि वो केवल छात्रों से बात करेगी।
बीती रात छात्रों और सरकार में 45 मिनट तक चली बातचीत बेनतीजा रही।
राहुल गांधी
राहुल गांधी ने छात्रों से फोन पर बात की
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने अनशन पर बैठे छात्र नेता रविंद्र पासवान से फोन पर बात की। उन्होंने आंदोलन को समर्थन दिया है।
राहुल ने एक वीडियो में कहा, "देश में जो छात्र प्रदर्शन हो रहे हैं, वह शिक्षा प्रणाली के खिलाफ हो रहे हैं। हमारी शिक्षा प्रणाली खत्म हो गई है। हर सरकार को छात्रों की बात सुनाई चाहिए। शिक्षा प्रणाली को बदलना चाहिए। चाहे वह कांग्रेस की सरकार हो या झारखंड सरकार हो।"
बयान
छात्र बोले- सरकार को हमारी चिंता नहीं
समाचार एजेंसी ANI से अनशन कर रहे छात्र नेता देवेंद्रनाथ ने कहा, "सरकार को हमारी चिंता नहीं है। 3 दिन से बस बातचीत का माहौल बनाया जा रहा है। देश की आजादी में इतने लोग शहीद हुए तो हमें लगता है कि यदि JPSC-JSSC के सुधार के लिए कुर्बानी के रास्ते पर भी जाना पड़े तो ये गलत नहीं है। हम मिलकर एक ऐसी व्यवस्था बनाएंगे जिसमें धांधली और पेपर लीक नामुमकिन हो।"