अमेरिका के नए 12.5 प्रतिशत टैरिफ पर आया भारत का जवाब, कहा- बातचीत कर रहे हैं
क्या है खबर?
अमेरिका की ओर से भारत पर धारा-301 के तहत की गई टैरिफ की कार्रवाई पर भारत सरकार का जवाब आया है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा कि भारत धारा-301 की कार्यवाही और व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के साथ बातचीत कर रहा है। मंत्रालय ने बताया कि प्रस्तावित टैरिफ अभी फाइनल नहीं हैं और स्टेकहोल्डर्स 22 जून तक सार्वजनिक सुनवाई में हिस्सा लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
बयान
भारत ने क्या कहा?
मंत्रालय ने कहा, "अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (UTR) कार्यालय ने भारत समेत 60 देशों के खिलाफ जांच पूरी कर ली है। यह जांच इन देशों के आयात को रोकने के उपायों के बारे में है। इसलिए, UTR ने अमेरिकी व्यापार एक्ट, 1974 की धारा-301 के तहत 60 देशों से आयात पर अतिरिक्त टैरिफ का प्रस्ताव दिया है।" मंत्रालय ने बताया, "धारा-232 टैरिफ के तहत आने वाले उत्पाद और कुछ दूसरे उत्पाद टैरिफ प्रस्तावों से बाहर हैं।प्रस्तावित टैरिफ अभी फाइनल नहीं हैं।"
बयान
अमेरिका के साथ बातचीत कर रहा है भारत
मंत्रालय ने कहा कि अभी प्रस्तावित टैरिफ पर सुनवाई होगी, जिसके लिए स्टेकहोल्डर्स 22 जून तक आवेदन कर सकते हैं और लिखित आपत्ति 6 जुलाई तक जमा होंगे। मंत्रालय ने बताया कि सार्वजनिक सुनवाई 7 जुलाई को होगी, जिसमें UTR प्रस्तावित उपायों पर आखिरी फैसला लेने से पहले आपत्तियों पर विचार करेगा। मंत्रालय ने बताया कि भारत सरकार कार्रवाई के मामले पर अमेरिका के साथ बातचीत कर रहा है, जो 7 फरवरी 2026 को जारी संयुक्त बयान के अनुसार है।