भारतीय रेलवे की बड़ी छलांग, अब 160 किलोमीटर की रफ्तार पर भी मिलेगा गरमागरम खाना
ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। भारतीय रेलवे ने घोषणा की है कि जल्द ही उसकी सबसे तेज ट्रेनों में नए LHB EOG हॉट-बुफे कोच जोड़े जाएंगे। ये कोच 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पर चलने के लिए डिजाइन किए गए हैं। उम्मीद है कि जल्द ही इन्हें वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों में भी देखा जा सकेगा, जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान बेहतर भोजन और आधुनिक सुविधाओं का अनुभव मिलेगा।
रेलवे बोर्ड ने दी कोचों को मंजूरी
ये बुफे कोच सिर्फ रफ्तार में ही आगे नहीं, बल्कि सुरक्षा के मामले में भी बेहतर हैं। रेलवे बोर्ड ने इन्हें मंजूरी दे दी है। हालांकि, इन कोचों को चालू करने से पहले पटरियों को अपग्रेड करना होगा, साथ ही सिग्नलिंग सिस्टम में सुधार और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने होंगे। दरअसल, यह देशभर में रेल यात्रा को ज्यादा आरामदायक और कुशल बनाने की एक बड़ी मुहिम का हिस्सा है।