Loading...
सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की वर्दी फिर बदलेगी, रेजिमेंट से जुड़े निशान लौटेंगे
सेना ने वरिष्ठ अधिकारियों की वर्दी में बदलावों से जुड़ा साल 2023 का आदेश वापस ले लिया है (फाइल तस्वीर)

सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की वर्दी फिर बदलेगी, रेजिमेंट से जुड़े निशान लौटेंगे

लेखन आबिद खान
Nov 18, 2026
12:38 pm

क्या है खबर?

भारतीय सेना ने वरिष्ठ अधिकारियों की वर्दी में फिर से बदलाव होने जा रहा है। सेना ने वर्दी से जुड़े 2023 में किए गए बदलावों को वापस लेने का फैसला किया है। अब गोरखा राइफल्स के जनरल फिर से अपनी विशिष्ट टोपी पहन सकते हैं। साथ ही विशेष बलों के वरिष्ठ अधिकारी अपनी प्रतिष्ठित मैरून बेरेट भी पहन सकेंगे। इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारी अपनी रेजिमेंट या कोर से जुड़े प्रतीक भी पहन सकेंगे।

बदलाव

 1 दिसंबर से लागू होगा बदलाव

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 13 नवंबर को सेना ने इस संबंध में एक आंतरिक आदेश जारी किया है, जो 1 दिसंबर से लागू होगा।

बदलावों के तहत, बख्तरबंद कोर के अधिकारी अब हरे रंग की बेरेट की जगह काली बेरेट पहनेंगे।

वे काले जूतों के बजाय भूरे रंग के जूते पहनेंगे, जो पारंपरिक रूप से स्किनर्स हॉर्स, पूना हॉर्स और सेंट्रल इंडिया हॉर्स जैसी चुनिंदा रेजिमेंटों के अधिकारियों द्वारा पहने जाते हैं।

रेजिमेंट

पारंपरिक रेजिमेंट या कोर से जुड़े चिन्ह लगा सकेंगे अधिकारी

नए बदलावों के बाद, वरिष्ठ अधिकारी अपनी-अपनी रेजिमेंट और सेवाओं के हिसाब से विशिष्ट बेरेट, लैनयार्ड (कंधे पर लगने वाली रेजिमेंट की पारंपरिक डोरी), बेल्ट और शोल्डर बैज पहन सकेंगे।

गोरखा राइफल्स, गढ़वाल राइफल्स और राजपुताना राइफल्स जैसी राइफल रेजिमेंट के अधिकारी सुनहरे बैज के बजाय फिर से काले रैंक बैज पहनना शुरू करेंगे।

ये बदलाव केवल सामान्य वर्दी में लागू होंगे, युद्ध या फील्ड ड्यूटी के दौरान पहने जाने वाली वर्दी में नहीं।

ADVERTISEMENT

पिछला आदेश

क्या था 2023 का फैसला?

अप्रैल 2023 में तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे की अध्यक्षता में हुए आर्मी कमांडर्स कॉन्फ्रेंस के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के लिए एक समान वर्दी लागू करने का फैसला लिया गया था। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नेतृत्व के बीच एक जैसी पहचान और कार्यशैली को बढ़ावा देना था।

इसके तहत, ब्रिगेडियर और उससे ऊपर के अधिकारियों को अपनी रेजिमेंट या सेवा की खास पहचान वाले प्रतीक पहनने की अनुमति नहीं थी। इसके अलावा लैनयार्ड और खास टोपियां भी हटाई गईं थीं।

ADVERTISEMENT

सेना प्रमुख

सेना प्रमुख धीरज सेठ भी बदलेंगे अपनी बेरेट

इस बदलाव के दायरे में मौजूदा सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ भी आएंगे। आर्मर्ड कॉर्प्स से आने वाले जनरल सेठ अब हरी बेरेट की जगह काली बेरेट पहनेंगे।

इसके अलावा, उनके भूरे जूते पहनने का रास्ता भी साफ हो गया है।

यह बदलाव ब्रिगेडियर और उससे ऊपर जैसे मेजर जनरल, लेफ्टिनेंट जनरल और सेना प्रमुख जैसे अफसरों पर लागू होगा। कर्नल और उनसे नीचे के अधिकारियों की वर्दी में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

ADVERTISEMENT