LOADING...
पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर बार-बार कर रहा सीजफायर का उल्लंघन, भारत ने दी सख्त चेतावनी
पाकिस्तानी द्वारा सीजफायर उल्लंघन के बाद भारत ने चेतावनी दी है

पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर बार-बार कर रहा सीजफायर का उल्लंघन, भारत ने दी सख्त चेतावनी

लेखन आबिद खान
Apr 30, 2025
06:27 pm

क्या है खबर?

पहलगाम हमले के बाद जारी तनाव के बीच पाकिस्तान बार-बार नियंत्रण रेखा (LoC) पर सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। इसे लेकर भारतीय सेना ने पाकिस्तान को चेतावनी दी है। समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, दोनों देशों के सैन्य संचालन महानिदेशकों ने पाकिस्तानी सेना द्वारा बिना उकसावे के संघर्ष विराम उल्लंघन पर चर्चा के लिए 29 अप्रैल को हॉटलाइन पर बातचीत की। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान भारत ने सीजफायर उल्लंघनों को लेकर पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी है।

गोलीबारी

LoC पर लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है पाकिस्तान 

ये घटनाक्रम ऐसे वक्त हुआ है, जब पाकिस्तान लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। पाकिस्तानी सेना बीते 5 दिनों से LoC पर सीजफायर का उल्लंघन कर रही है। हालांकि, 29 अप्रैल को पाकिस्तान की ओर से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी सीजफायर का उल्लंघन किया गया। पाकिस्तानी सेना ने जम्मू के पर्गवाल सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलीबारी की। भारतीय सैनिकों ने इस गोलीबारी का तेजी से और संयमित तरीके से जवाब दिया।

घटनाएं

पाकिस्तान ने कब-कब किया सीजफायर का उल्लंघन?

29-30 अप्रैल की रात पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की। इससे पहले कश्मीर घाटी में बारामूला और कुपवाड़ा जिलों में नियंत्रण रेखा के पास और परगवाल सेक्टर में भी इसी तरह की घटनाएं हुई थीं। राजौरी जिले के सुंदरबनी और नौशेरा सेक्टर में भी गोलीबारी हुई थी। हालांकि, इन घटनाओं में कोई हताहत नहीं हुआ था।