विदेश मंत्रालय बोला- चीन LAC पर गश्ती नियम तोड़ता है, इससे टकराव होता है
क्या है खबर?
भारत-चीन सीमा पर स्थिति को लेकर भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशक शत्रुजीत सिंह कपूर की टिप्पणियों के बाद विदेश मंत्रालय की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। मंत्रालय ने कहा कि भारत-चीन सीमा पर स्थिति समय-समय पर तब बिगड़ जाती है, जब चीनी सेनाएं निर्धारित गश्ती पैटर्न से हट जाती हैं। मंत्रालय ने ये भी बताया कि दोनों पक्ष लंबित मुद्दों को सुलझाने और गलतफहमी से बचने के लिए राजनयिक और सैन्य तंत्रों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
बयान
मंत्रालय ने कहा- दोनों पक्ष बातचीत कर रहे
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "दोनों पक्ष LAC पर लंबित मुद्दों को सुलझाने और गलतफहमी से बचने के लिए मौजूदा राजनयिक और सैन्य तंत्रों का इस्तेमाल कर रहे हैं। दोनों पक्ष सीमा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए LAC से जुड़े इलाकों में अपनी समझ को और बेहतर करने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए भी सहमत हुए हैं। द्विपक्षीय संबंधों के समग्र विकास के लिए सीमावर्ती इलाकों में शांति और स्थिरता बनाए रखना जरूरी है।"
अन्य मुद्दे
जायसवाल ने इन मुद्दों पर भी दी जानकारी
जायसवाल ने बताया कि यमन के तट के पास एक घटना में शामिल नाव पर सवार 14 भारतीय सुरक्षित हैं।
भारत ने अपने नागरिकों से यूरोप में विरोध-प्रदर्शन वाली जगहों से दूर रहने को कहा है। यूरोप में भारतीय मिशन वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों के संपर्क में हैं।
पिछले एक हफ्ते में सऊदी अरब में फंसे लगभग 3,000 उमराह यात्री लौट आए हैं। बाकियों को लाने के प्रयास जारी हैं।