कोरोना: दैनिक मामलों में तेज उछाल, बीते दिन देश में मिले 20,000 से अधिक मरीज
क्या है खबर?
भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 20,139 नए मामले सामने आए और 38 लोगों की मौत हुई।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,36,89,989 हो गई है। इनमें से 5,25,557 मरीजों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 1,36,076 हो गई है।
एक दिन पहले देश में 16,906 नए मामले सामने आए थे। देश में कई हफ्तों बाद दैनिक मामलों की संख्या 20,000 पार हुई है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए 16,000 से अधिक मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 16,482 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 4,30,28,356 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 98.49 प्रतिशत है।
कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 3,94,774 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 86.81 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।
कोरोना संक्रमण
ये हैं चार सर्वाधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 80,10,223 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,48,801 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में शनिवार तक 66,81,317 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 70,186 मरीजों की मौत हुई है।
35,08,526 मामलों और 38,028 मौतों के साथ तमिलनाडु और 39,81,816 मामलों और 40,083 मौतों के साथ कर्नाटक और अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
कोरोना संकट
किन राज्यों में दर्ज हो रहे सबसे ज्यादा मामले?
देश के दैनिक मामलों में उछाल महाराष्ट्र, तमिलनाडु और केरल में संक्रमण में वृद्धि के कारण देखा जा रहा है।
महाराष्ट्र में एक दिन की गिरावट के बाद मामलों में उछाल देखा जा रहा है और बीते दिन यहां 2,575 नए मामले सामने आए।
इसी तरह तमिलनाडु में बीते दिन 2,269 नए मामले पकड़ में आए, वहीं केरल में मंगलवार को 3,545 नए लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। कर्नाटक में 1,231 नए मामले सामने आए।
जानकारी
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो देश में अब तक वैक्सीन की 1,99,27,27,559 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 13,44,714 खुराकें लगाई गईं। देश में 12 साल से अधिक उम्र के बच्चों और वयस्कों को वैक्सीन लगाई जा रही है।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 55.93 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 55.93 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 63.63 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 8.92 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 10.23 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है।
तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में लगभग 3.30 करोड़ संक्रमितों में से 6.74 लाख मरीजों की मौत हुई है।