शेख हसीना ने बांग्लादेश वापसी के लिए पहला कदम बढ़ाया, नया पासपोर्ट और पहचान-पत्र मांगा
क्या है खबर?
बांग्लादेश की सत्ता से जबरन हटाई गईं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने देश वापसी की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए उन्होंने पहला कदम बढ़ाया है। हसीना ने बांग्लादेश सरकार से नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान-पत्र जारी करने की मांग की है, ताकि उनका लौटना आसान हो सके। यह नया विकास तब हुआ, जब बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने जोर देकर कहा कि हसीना को यात्रा दस्तावेज जारी करने के बजाय प्रत्यर्पित किया जाना चाहिए।
मांग
बांग्लादेश सरकार के साथ हसीना का पहला संचार
लंदन में मौजूद हसीना के मैट्रिक्स चैंबर्स के वकीलों ने नई दिल्ली में बांग्लादेशी राजदूत प्रीति रहमान को पत्र लिखकर नए यात्रा और पहचान-पत्र मांगे हैं। यह अगस्त 2024 में बांग्लादेश से भागने के बाद हसीना का पहला संचार है।
पत्र में कहा गया, "अंतरिम सरकार और दूसरी अथॉरिटीज द्वारा उनके मौजूदा बांग्लादेशी पासपोर्ट और नेशनल आइडेंटिटी कार्ड (NID) को रद्द करने की खबर को देखते हुए, मैं आपसे निवेदन करता हूं कि आप इस दिशा में जरूरी कदम उठाएं।"
बयान
बांग्लादेश के मंत्री ने हसीना को आतंकवादी कहा
द डेली स्टार के मुताबिक, कबीर ने पत्रकारों से कहा, "हम चाहते हैं कि हसीना को सौंप दिया जाए। उसे सौंप दिया जाएगा। वह एक आतंकवादी है। वह एक भगोड़ी हैं। बांग्लादेश और भारत के बीच एक सक्रिय प्रत्यर्पण समझौता है।"
कबीर ने हसीन के पासपोर्ट की जरूरत को खारिज करते हुए कहा कि उसकी वापसी मौजूदा प्रत्यर्पण संधि के तहत होनी चाहिए, न कि पासपोर्ट के जरिए।
अभी तक भारत ने मामले पर कोई बयान नहीं दिया है।
वापसी
अगले महीने लौटेंगी हसीना
हसीना अगस्त 2024 में उनकी सरकार के खिलाफ हिंसक विरोध-प्रदर्शन और बगावत के बाद भारत आ गई थीं और तब से यहीं हैं।
बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध ट्रिब्यूनल ने नवंबर 2025 में उनकी गैरमौजूदगी में उन्हें मौत की सजा सुनाई और उनको मानवता के खिलाफ अपराध का दोषी बताया था।
हालांकि, हसीना ने सजा को नकार दिया और दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस साल दिसंबर में देश लौटने की बात कही थी।
हसीना कोर्ट में आत्मसमर्पण कर सकती हैं।