खुदरा महंगाई ने RBI की तय सीमा पार की; ब्याज दर बढ़ेगी, आप पर क्या असर?
क्या है खबर?
अक्टूबर महीने में देश की खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच गई है। यह सितंबर में 5.54 प्रतिशत थी। यानी एक महीने में महंगाई दर में 0.55 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसी के साथ महंगाई दर ने 2 साल में पहली बार भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा निर्धारित 6 प्रतिशत की ऊपरी सीमा को पार कर लिया है। आइए समझते हैं इसका आप पर क्या असर हो सकता है।
वजह
क्यों बढ़ी महंगाई?
महंगाई दर बढ़ने की सबसे बड़ी वजह खाने-पीने की चीजों का महंगा होना है। ताजा आंकड़ों में खाद्य मुद्रास्फीति बढ़कर 8.94 प्रतिशत हो गई है। सितंबर में यह 7.74 प्रतिशत थी।
साथ ही उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) के 43 वर्गों में से 19 में कम से कम 4 प्रतिशत की मुद्रास्फीति दर्ज की गई है। CPI में खाने-पीने की चीजों की हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत है। यानी इनकी कीमतों में बदलाव का सीधा असर कुल महंगाई पर पड़ता है।
आंकड़े
क्यों चिंताजनक है आंकड़े?
चिंता की पहली बात है कि मुद्रास्फीति RBI द्वारा निर्धारित सीमा से बाहर चली गई है। RBI ने महंगाई दर की सीमा 4 से 6 प्रतिशत तय की थी। यानी अब जरूरी हो गया है कि RBI इसे कम करने के लिए कदम उठाए।
दूसरी बात है कि महंगाई केवल कुछ चुनिंदा खाद्य पदार्थों तक ही सीमित नहीं है। CPI के 19 वर्गों में 4 प्रतिशत या इससे ज्यादा की महंगाई दर रही है। सितंबर में ये संख्या 14 थी।
महंगा
क्या-क्या हुआ महंगा?
अक्टूबर में दूध, अंडे, प्याज और लहसुन समेत रोजाना इस्तेमाल की चीजों के दाम बढ़े हैं।
प्याज की कीमतों में 116 प्रतिशत का उछाल आया है। सितंबर में ये आंकड़ा 108 प्रतिशत था।
इसी तरह लहसून की कीमत 60.74 प्रतिशत, अदरक की 48.32 प्रतिशत और नींबू की कीमत 47.30 प्रतिशत बढ़ गई है।
अक्टूबर में ग्रामीण मुद्रास्फीति बढ़कर 6.63 प्रतिशत हो गई, जबकि शहरों में यह 5.41 प्रतिशत थी। ग्रामीण खाद्य मुद्रास्फीति 9.09 प्रतिशत रही, जबकि शहरी 8.68 प्रतिशत थी।
ब्याज दरें
क्या RBI बढ़ाएगा ब्याज दरें?
महंगाई में बढ़ोतरी से संभावना जताई जा रही है कि RBI ब्याज दरों को बढ़ा सकता है। इसी महीने रेपो दर में 25 आधार अंक की वृद्धि की गई थी।
विभावंगल अनुकूलाकारा के संस्थापक सिद्धार्थ मौर्य ने NDTV से कहा, "महंगाई दर बढ़ने से RBI के लिए विकास-मुद्रास्फीति संतुलन बनाए रखना और भी मुश्किल हो गया है। चूंकि मुद्रास्फीति का स्तर ज्यादा है, इसलिए दिसंबर में ब्याज दरों में 25 आधार अंकों की वृद्धि की संभावना भी ज्यादा है।"
सीमा
अगर महंगाई दर 6 प्रतिशत से ज्यादा बनी रही तो क्या होगा?
अर्थशास्त्रियों का मानना है कि महंगाई दर अभी ज्यादा बनी रह सकती है, क्योंकि कम बारिश, खाद्य आपूर्ति में बाधाएं और बढ़ती लागतों का असर दिख रहा है।
RBI के सामने एक मुश्किल चुनौती संतुलन बनाने की है। वो महंगाई को काबू करने के लिए ब्याज दरें बढ़ा सकता है। हालांकि, ऐसा करने पर कर्ज लेना महंगा हो जाएगा, जिससे परिवारों के खर्च और निवेश पर असर पड़ सकता है।
असर
आप पर क्या असर?
आम परिवारों को फिलहाल के लिए महंगाई का सामना करना पड़ सकता है। खाने-पीने और राशन की चीजें आपका बजट बिगाड़ सकती हैं।
अगर ब्याज दरें बढ़ती हैं, तो होम लोन, कार लोन और दूसरे कर्ज महंगे हो सकते हैं।
हालांकि, एक अच्छी बात है कि ईरान-अमेरिका में तनाव कम हुआ है। इससे कच्चे तेल की कीमतें 90 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गई हैं। इससे महंगाई में राहत मिलने की उम्मीद है।